सकरी के नेचर सिटी से अभियान की शुरुआत कलेक्टर और निगम आयुक्त ने किया भूमिपूजन…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जल संरक्षण और भू-जल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे, भू- जल संजीवनी अभियान को अब और मजबूती मिल गई है। नगर निगम ठेकेदार संघ के सहयोग से शहर में 50 नए इंजेक्ट वेल बनाए जाएंगे। इसकी शुरुआत गुरुवार को सकरी क्षेत्र स्थित नेचर सिटी से की गई, जहां सर्वे में चिन्हित फ्रेक्चर जोन में पहला इंजेक्ट वेल तैयार किया गया।
इस अवसर पर आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे सहित नगर निगम और ठेकेदार संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बताया गया कि बुधवार को निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने ठेकेदार संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भू-जल संवर्धन को लेकर विस्तृत चर्चा की थी। बैठक में इंजेक्ट वेल निर्माण की उपयोगिता और भविष्य में संभावित जल संकट से निपटने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद ठेकेदार संघ ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए 50 इंजेक्ट वेल निर्माण में सहयोग देने की सहमति दी।

गौरतलब है कि कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशन में जिलेभर में वर्षा जल संरक्षण एवं भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इससे पहले नगर निगम द्वारा क्रेडाई (CREDAI) के सहयोग से भी शहर में 50 इंजेक्ट वेल निर्माण का कार्य शुरू किया जा चुका है। अब ठेकेदार संघ के सहयोग से अतिरिक्त 50 इंजेक्ट वेल बनने से अभियान को और गति मिलेगी।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में वर्षा जल संरक्षण बेहद आवश्यक है और इंजेक्ट वेल भू-जल स्तर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों को जोड़कर इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दे रहा है, ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।

कार्यक्रम में जोन कमिश्नर श्रीमती रंजना अग्रवाल, भवन अधिकारी अनुपम तिवारी, इंजीनियर भीमेंद्र गौतम, हितेश मक्कड़, ठेकेदार संघ के अध्यक्ष अभिषेक सिंह, राजकुमार तिवारी, केडिया जी, कमल सिंह, आनंद बुधौलिया, अभिषेक राजपूत, मनीष सोनी, विवेक ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

