चोरी का माल बाइक लूना और पिकअप समेत 4.88 लाख की जप्ती…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली जिले में चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत लोरमी पुलिस ने नवलपुर स्थित महामाया गुड़ फैक्ट्री में हुई चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए चोर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूना और पिकअप वाहन समेत कुल 4 लाख 88 हजार रुपये की जप्ती की है।
जानकारी के अनुसार, थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम नवलपुर निवासी हेमंत कुमार कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत स्थित महामाया गुड़ फैक्ट्री पिछले दो वर्षों से बंद है, जहां कमरे में बिजली उपकरण और लोहे का सामान रखा हुआ था। 23-24 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर फैक्ट्री का ताला तोड़कर चरखा मोटर, जूस मोटर, चैन कुप्पी ब्लॉक, स्टार्टर, डिस्क ग्रिफर और अन्य लोहे का सामान चोरी कर ले गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और टेक्निकल इनपुट के आधार पर पुलिस ने 26 मई की रात फैक्ट्री में दोबारा चोरी का प्रयास कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपी मनीष देवार ने अपने अन्य साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए आरोपी कन्हैया उर्फ बोदकू देवार, चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी संचालक शंकर देवार और असगर खान को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने क्या-क्या किया जप्त
चोरी गया सामान ₹28,000
एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल – ₹45,000
बिना नंबर की लूना ₹15,000
पिकअप वाहन ₹4,00,000
कुल जप्ती ₹4,88,000
गिरफ्तार आरोपी
मनीष देवार (32 वर्ष)
कन्हैया उर्फ बोदकू देवार (20 वर्ष)
शंकर देवार (40 वर्ष)
असगर खान (43 वर्ष)
चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, सउनि. यशवंत राजपूत सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील:-
जिला पुलिस मुंगेली ने नागरिकों से घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना में देने की अपील की है।

