दो चरणों में चल रहा मेगा अभियान अब तक 109 बड़े नालों की सफाई पूरी जलभराव रोकने निगम की बड़ी तैयारी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर आगामी बारिश को देखते हुए नगर निगम बिलासपुर ने शहर को जलभराव और गंदगी से बचाने के लिए व्यापक नाला-नाली सफाई अभियान छेड़ दिया है। निगम प्रशासन युद्धस्तर पर शहर के प्रमुख नालों और नालियों की सफाई में जुटा हुआ है। अभियान के पहले चरण में अब तक 109 बड़े नाला-नालियों की सफाई पूरी की जा चुकी है, जबकि 10 स्थानों पर सफाई कार्य जारी है। निगम का दावा है कि इस सप्ताह के भीतर शेष लगभग 16 बड़े नालों की सफाई भी पूरी कर ली जाएगी।

नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर चल रहे इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य बारिश के दौरान नालों के जाम होने और शहर में जलभराव जैसी समस्याओं को रोकना है। इसके लिए निगम द्वारा दो चरणों में सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। पहले चरण में बड़े नालों की सफाई की जा रही है, जबकि बारिश शुरू होने से ठीक पहले दूसरे चरण में दोबारा सभी नाला-नालियों की विशेष सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही वार्डों की छोटी नालियों की नियमित सफाई भी लगातार जारी है।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए निगम ने मशीनों और मानव संसाधनों की बड़ी टीम मैदान में उतारी है। सफाई कार्य में कुल 47 मशीन और वाहन लगाए गए हैं, जिनमें 9 जेसीबी, 9 पोकलेन मशीन, 17 मिनी टिपर, 8 डंपर, 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 3 ई-रिक्शा शामिल हैं। वहीं 604 सफाईकर्मी दिन-रात शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई कार्य में जुटे हुए हैं।
नगर निगम का कहना है कि इस अभियान से न केवल जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि बारिश के मौसम में नागरिकों को जलभराव और गंदगी की समस्या से भी राहत मिलेगी।

