बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय अपने स्थापना के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष “योग महोत्सव 2026” का आयोजन करने जा रहा है। इस वर्ष महोत्सव की थीम “जीवन खुशियों से भरे, आओ बिलासपुर योग करें” रखी गई है। यह आयोजन राजकिशोर नगर स्थित शिव अनुराग भवन में सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित होगा। ब्रह्माकुमारी संस्थान इस वर्ष अपने 90वें स्थापना वर्ष से जुड़े विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित कर रहा है। इस संबंध में बीके मंजू दीदी ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश तनाव और परेशानियों का कारण मन की अशांति है। यदि व्यक्ति अपने विचारों को सकारात्मक दिशा दे और प्रतिदिन कुछ समय ध्यान एवं योग के लिए निकाले, तो जीवन में सुख, शांति और संतोष का अनुभव सहज रूप से किया जा सकता है। योग महोत्सव का उद्देश्य लोगों को इसी आंतरिक शक्ति से जोड़ना है। योग का वास्तविक उद्देश्य केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मकता और आंतरिक खुशी को विकसित करना भी है। इसी दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे दिन 12 अलग-अलग विषयों पर एक-एक घंटे के विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। पिछले तीन महीनों से इस महोत्सव की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उनका विश्वास है कि यह आयोजन बिलासपुरवासियों को मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और खुशहाल जीवन की दिशा में प्रेरित करेगा।

वहीं बीके प्रशांत भाई ने बताया कि कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “जस्ट ए मिनट मेडिटेशन”* रहेगा, जिसके माध्यम से लोगों को केवल एक मिनट में मानसिक शांति और आत्मिक शक्ति का अनुभव कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यस्त जीवनशैली में भी ध्यान और योग को सरलता से अपनाया जा सकता है तथा यह अभ्यास जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति प्रदान करता है। यह सरल ध्यान पद्धति घर, कार्यालय और यात्रा के दौरान भी सहज रूप से अपनाई जा सकती है। प्रत्येक सत्र में मेडिटेशन, प्रेरक विचार, जीवन प्रबंधन के सूत्र तथा संगीतमय आध्यात्मिक प्रस्तुतियां भी होंगी। ब्रह्माकुमारी परिवार के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन एवं गीत कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देंगे।
कार्यक्रम में क्षमाशीलता, सकारात्मक चिंतन, तनावमुक्त जीवन, आत्मविश्वास, आत्मशक्ति, संबंधों में मधुरता और आध्यात्मिक सशक्तिकरण जैसे विषयों पर अनुभवी वक्ताओं द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। प्रतिभागी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी एक या अधिक सत्रों में शामिल हो सकेंगे। महोत्सव का विशेष आकर्षण “जस्ट ए मिनट मेडिटेशन” रहेगा, जिसके माध्यम से लोगों को यह अनुभव कराया जाएगा कि केवल एक मिनट के अभ्यास से भी मानसिक शांति और आत्मिक शक्ति प्राप्त की जा सकती है।

इस कार्यक्रम में व्यक्तिगत तथा संस्थागत पंजीयन की व्यवस्था की गई है। जो लोग प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उनके लिए यूट्यूब के माध्यम से 12 घंटे का लाइव प्रसारण भी उपलब्ध रहेगा। ब्रह्माकुमारीज की संचालिका बीके मंजू दीदी एवं योग महोत्सव समन्वयक बीके प्रशांत भाई ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं पत्रकार बंधुओं से इस महोत्सव में सहभागिता करने का आग्रह किया है।

