बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नन्दन जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल को भारत के इतिहास का स्वर्णिम और ऐतिहासिक काल बताते हुए कहा कि इसी अवधि में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं को हमेशा प्रधान सेवक मानते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ 140 करोड़ देशवासियों की सेवा को अपना संकल्प बनाया है।
भाजपा जिला ग्रामीण बिलासपुर द्वारा प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नन्दन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मविश्वासी, समृद्ध, सुरक्षित और विश्व मंच पर प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, जनजातीय विकास, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता, पेयजल, स्वरोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा, किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
नन्दन जैन ने कहा कि मोदी सरकार ने विकास के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी नया सम्मान दिलाया है। कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नया संसद भवन, सेंगोल की स्थापना, जनजातीय गौरव दिवस, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे कदम भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने वाले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के सामने समाधान देने वाले देश के रूप में उभरा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, विदेशी निवेश में वृद्धि और कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा के प्रमाण हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त कर चुके हैं, जो लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है।

छत्तीसगढ़ के विकास का उल्लेख करते हुए नन्दन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना, रेलवे परियोजनाओं, किसान हितैषी योजनाओं और उड़ान योजना के माध्यम से तेज़ी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण जैसी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
राजनीतिक परिदृश्य पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक जनसमर्थन हासिल कर जीत का शतक बनाया है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने भारत की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए देश को वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ाया है।
इस अवसर पर भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जनक देवांगन, प्रणव शर्मा, समदरिया, ऋषभ चतुर्वेदी, रवीश गुप्ता, राज्यवर्धन कौशिक, जय वाधवानी, शैलू गोरख, कुंदन दीवान, पवन कश्यप, यश गौरहा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

