विद्यार्थियों और शिक्षकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का दिया संदेश…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पूरे उत्साह, जोश और अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर योग के महत्व को आत्मसात किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

इस अवसर पर शिक्षिका श्रीमती सीमा भट्टाचार्य ने विद्यार्थियों को योग के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव और चिंता को दूर कर व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता तथा स्मरण शक्ति को भी सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाता है।
वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों के लिए योग सत्र का संचालन खेल शिक्षिका हीरा मेहरा, समृद्धि श्रीवास्तव, रितु उपाध्याय एवं दिव्या सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।

वहीं कनिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों को शोभा पांडे, सुमन शास्त्री, दीपाली विश्वास, रीता बैंगुर एवं स्मृति शर्मा ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निवेदिता सरकार ने विद्यार्थियों को योग की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि योग के जनक महर्षि पतंजलि को माना जाता है, जबकि हिंदू पौराणिक मान्यताओं में भगवान शिव को आदियोगी के रूप में जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्ताव पर वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया, जिसके बाद से विश्वभर में योग के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
प्राचार्या ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं, तनावमुक्त रहकर अपने लक्ष्यों की ओर निरंतर अग्रसर हों तथा स्वस्थ एवं सफल जीवन का निर्माण करें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से सराबोर रहा और विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

