सरकंडा पुलिस का करारा प्रहार…!
चोरी की 5 बाईक सहित दो शातिर चोर गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर पुलिस की अत्याधुनिक ‘सशक्त’ (Sashakt) मोबाइल एप एक बार फिर अपराधियों पर भारी साबित हुई है। सरकंडा पुलिस ने इस डिजिटल तकनीक की मदद से दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने वर्ष 2025 और 2026 के दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से कई वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 14 जून 2026 को विवेकानंद नगर मोपका निवासी कमलेश चंद्राकर ने अपनी एक्टिवा स्कूटी (CG 10 BN 1325) चोरी होने की रिपोर्ट थाना सरकंडा में दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य एवं मोपका चौकी प्रभारी ओमप्रकाश कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस ने संदेहियों सुरेन्द्र भुनेश्वर (22) और सुजल दर्वे उर्फ रिंकू (24) को हिरासत में लेकर उनके पास मिली एक्टिवा स्कूटी का ‘सशक्त’ ऐप से सत्यापन किया। जांच में वाहन चोरी का निकला, जिसके बाद दोनों से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा कर दिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल पांच चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए, जिनमें चोरी की गई मूल एक्टिवा के अलावा वर्ष 2025 और 2026 में विवेकानंद कॉलोनी, गोड़पारा साईं मंदिर और ठाकुर देव मंदिर क्षेत्र से चोरी की गई एक्टिवा, स्प्लेंडर और यामाहा मोटरसाइकिलें शामिल हैं। आरोपियों ने इन वाहनों को बेहद कम कीमत पर अलग-अलग लोगों को बेचने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की गाड़ियों को औने-पौने दाम में बेचकर ऐशो-आराम और अपने शौक पूरे करते थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं चोरी के वाहन खरीदने वाले अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सशक्त ऐप बना पुलिस का मजबूत हथियार
इस कार्रवाई में बिलासपुर पुलिस की सशक्त मोबाइल एप्लीकेशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एप के माध्यम से संदिग्ध और लावारिस वाहनों का तत्काल सत्यापन किया जा रहा है, वहीं आम नागरिकों द्वारा दी गई गोपनीय सूचनाओं पर भी पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है। इससे वाहन चोरी जैसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।
पुलिस की सख्त चेतावनी:-
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी करने वाला ही नहीं, बल्कि चोरी का माल खरीदने वाला भी कानून की नजर में समान रूप से अपराधी है। बिना वैध दस्तावेजों के सस्ते दामों पर वाहन या अन्य सामान खरीदने वालों के खिलाफ भी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

