मोबाइल ड्राइविंग पर बड़ा प्रहार 2621 चालकों पर हुई कार्रवाई…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल अब भारी पड़ने लगा है। बिलासपुर यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2621 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और आईटीएमएस (ITMS) कैमरों के जरिए हर चौराहे पर मोबाइल इस्तेमाल करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस शहरभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही विभिन्न माध्यमों से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

यातायात पुलिस के अनुसार सबसे अधिक लापरवाही युवाओं में देखने को मिल रही है, जो वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने, चैटिंग करने या ईयरबड्स लगाकर सड़क पर चलते हैं। ऐसी लापरवाही न केवल उनकी जान को खतरे में डालती है, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
पुलिस ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 21(25) के तहत वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब आईटीएमएस कैमरों के माध्यम से नजर रखकर सीधे कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस का कहना है कि मोबाइल में व्यस्त चालक अक्सर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, टोइंग वाहन, गैस, पेट्रोल-डीजल और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को समय पर रास्ता नहीं दे पाते, जिससे आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से भी लगातार लोगों को वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने की चेतावनी दी जा रही है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब सख्ती और बढ़ाई जाएगी।
यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल न करें।

वर्ष 2025 में बिलासपुर में लगभग 63 हजार नए वाहन जुड़े हैं, जिससे यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का ट्रैफिक नियमों का पालन करना ही सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
यातायात पुलिस का संदेश:
मोबाइल पर एक पल की लापरवाही, जिंदगी भर का पछतावा बन सकती है। सुरक्षित रहें, नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा अभियान में सहभागी बनें।

