यातायात पुलिस ने सभी स्कूलों
बस संचालकों और अभिभावकों को जारी की विशेष एडवाइजरी बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील….!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नए शिक्षा सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ ही बिलासपुर यातायात पुलिस ने स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में जिले के सभी विद्यालयों के लिए विशेष सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में संचालित 400 से अधिक स्कूल वाहनों को उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित 18 सूत्रीय सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन करना होगा। इसके लिए सभी स्कूल प्रबंधन, बस संचालकों, वाहन चालकों और अभिभावकों को विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्देशों के अनुसार प्रत्येक स्कूल बस का रंग पीला होना, स्कूल का नाम व संपर्क नंबर अंकित होना, “स्कूल बस” अथवा “ऑन स्कूल ड्यूटी” का बोर्ड प्रदर्शित करना, मजबूत ग्रिल, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन निकास, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा और पैनिक बटन जैसी सुविधाएं अनिवार्य होंगी।

यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्कूल बस चालक के पास भारी वाहन चलाने का कम से कम पांच वर्ष का अनुभव होना चाहिए तथा उसका पुलिस सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रहेगा। बस में प्रशिक्षित परिचालक अथवा महिला परिचारिका की मौजूदगी भी सुनिश्चित करनी होगी। निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित सभी दस्तावेज समय पर अपडेट रखें। खुले या असुरक्षित वाहनों में बच्चों का परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा वाहन चलाकर स्कूल आने पर रोक लगाने और शराब या नशे के आदी चालकों को स्कूल वाहन संचालन से दूर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यातायात पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी सभी सावधानियों का पालन करें तथा किसी भी स्कूल वाहन चालक द्वारा लापरवाही, तेज रफ्तार या यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायत तत्काल स्कूल प्रबंधन को करें।
पुलिस का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नए शिक्षा सत्र के दौरान स्कूल परिवहन से जुड़े सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

