एक्सपायरी फूड पैकेट से जाम हुआ नाला कमिश्नर बोले…शहर गंदा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे की सख्ती अब मैदानी स्तर पर साफ दिखाई देने लगी है। मंगलवार सुबह राजेंद्र नगर क्षेत्र के नियमित निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य नाले में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी हो चुके खाद्य पदार्थों के पैकेट और अन्य कचरा पड़ा देखा। इससे नाला पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था और जल निकासी प्रभावित होने के साथ गंदगी फैलने की स्थिति बन गई थी।

मौके पर ही निगम आयुक्त ने अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि नाले में फेंकी गई एक्सपायरी खाद्य सामग्री प्रिया स्टोर से संबंधित थी, जिसके संचालक आर्यन जुनेजा हैं।
जांच पूरी होते ही नगर निगम ने संबंधित प्रतिष्ठान पर ₹25,000 का आर्थिक दंड लगाया। साथ ही नाले में फेंका गया पूरा कचरा तत्काल हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराया गया।

निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने स्पष्ट कहा कि शहर के नालों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या व्यावसायिक अपशिष्ट फेंकने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और ऐसे मामलों में बिना किसी ढिलाई के दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं नगर निगम ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों और नागरिकों से अपील की है कि खाद्य सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट का निर्धारित नियमों के अनुसार ही निस्तारण करें और शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग दें।
नगर निगम ने साफ संकेत दिया है कि स्वच्छता व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

