बैंड दोबारा बजाने से इनकार पर भड़का युवक घर में मिट्टी के नीचे छिपाया था…सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में हथियार जब्त…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली चुलमाटी कार्यक्रम में बैंड बजाने की मामूली बात देखते ही देखते खूनी विवाद में बदल गई। दोबारा बैंड बजाने से इनकार करने पर एक युवक ने बैंड पार्टी के सदस्य पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नुकीला चाकू भी बरामद कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
ऐसे हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिवदास पात्रे, निवासी धनगांव (च), ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 जून 2026 को वह अपनी बैंड पार्टी के साथ ग्राम हेडसपुर में आयोजित चुलमाटी कार्यक्रम में बैंड बजाने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब बैंड पार्टी वापस लौट रही थी, तभी गांव का महेन्द्र जांगड़े वहां पहुंचा और दोबारा बैंड बजाने की जिद करने लगा।
बैंड बजाने से मना करने पर आरोपी

गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे नुकीले चाकू से शिवराज पात्रे के पेट के दाहिने हिस्से में वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवराज को तत्काल जिला अस्पताल मुंगेली में भर्ती कराया गया।
आरोपी ने कबूला जुर्म, मिट्टी में छिपाया था चाकू-:
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए। पूछताछ के दौरान आरोपी महेन्द्र जांगड़े (24 वर्ष), पिता भैयालाल, निवासी हेडसपुर ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि घटना के बाद चाकू को अपने घर के आंगन में मिट्टी के नीचे छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चाकू बरामद कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्र.उप निरीक्षक भानु प्रकाश सहारे, नवीन जांगड़े, सउनि भानुप्रताप बर्मन, आरक्षक दीप खूंटे, अजय चंद्राकर, योगेश यादव एवं विकास ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

