एक माह के भीतर मिलेगी ACLS एम्बुलेंस गंभीर मरीजों के सुरक्षित रेफरल और आपातकालीन उपचार में होगी बड़ी मदद…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सामाजिक सरोकार और मरीजों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के तहत छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर को 37.87 लाख रुपये की अत्याधुनिक एडवांस कार्डियक लाइफ सपोर्ट (ACLS) एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल की है। इसके लिए एसबीआई अधिकारियों ने सिम्स प्रबंधन को सांकेतिक चेक सौंपा। यह अत्याधुनिक जीवन रक्षक एम्बुलेंस आगामी एक माह के भीतर संस्थान को उपलब्ध करा दी जाएगी।
इस पहल से सिम्स की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और गंभीर एवं दुर्घटनाग्रस्त मरीजों को रेफरल के दौरान भी उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि यह एम्बुलेंस अनेक मरीजों के लिए संजीवनी साबित होगी।
सिम्स बिलासपुर संभाग का सबसे बड़ा शासकीय चिकित्सा संस्थान है, जहां प्रतिदिन लगभग 2200 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। गंभीर मरीजों को कई बार उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करना पड़ता है। ऐसे मामलों में आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से लैस एम्बुलेंस की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
एसबीआई द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ACLS एम्बुलेंस में वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, मल्टीपैरा मॉनिटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम, आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं तथा अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रहेंगे। इससे मरीजों को अस्पताल से दूसरे चिकित्सा केंद्र तक ले जाने के दौरान भी विशेषज्ञ स्तर की निरंतर चिकित्सा सुविधा मिलती रहेगी।
इस अवसर पर एसबीआई अधिकारियों ने कहा कि बैंक केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि CSR के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी निरंतर योगदान दे रहा है। सिम्स को अत्याधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराना इसी सामाजिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिससे बिलासपुर सहित आसपास के जिलों के हजारों मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर और त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने एसबीआई की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह एम्बुलेंस संस्थान की आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा देगी और गंभीर मरीजों के उपचार एवं सुरक्षित रेफरल में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक जीवन रक्षक सुविधाओं से लैस यह एम्बुलेंस अनेक मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, मुंबई से प्रबंध निदेशक अश्वनी तिवारी, मुख्य महाप्रबंधक अतुल श्रीवास्तव, महाप्रबंधक मनोज कुमार, उप महाप्रबंधक आलोक रंजन, मुख्य शाखा प्रबंधक ज्योत्सना सिंह सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सिम्स की ओर से अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह तथा संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
यह पहल न केवल कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि बिलासपुर संभाग की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने वाला एक महत्वपूर्ण कदम भी मानी जा रही है।

