निरीक्षण और रोक के निर्देश के बावजूद जारी निर्माण…! संरक्षण देने वालों पर उठे गम्भीर सवाल…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर व्यापार विहार स्थित पुराने आयकर कार्यालय एवं सेंट जेवियर्स स्कूल के समीप प्रस्तावित सब्जी मार्केट में कथित तौर पर अवैध दुकान निर्माण का मामला सामने आया है। इस संबंध में जोन क्रमांक-4 व्यापार विहार के अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक-28 प्रियदर्शनी नगर के पार्षद गणेश रजक ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

पार्षद ने नगर निगम आयुक्त, महापौर एवं सभापति विनोद सोनी को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि सब्जी मार्केट के लिए आवंटित 8×8 एवं 8×10 फीट के भूखंड, जिन पर केवल चबूतरा निर्माण की अनुमति थी, वहां बिना निगम की स्वीकृति के स्थायी दुकानें बनाई जा रही हैं। जबकि निगम की अनुमति केवल 10×15 फीट के भूखंडों पर दुकान निर्माण के लिए दी गई है।
शिकायत के अनुसार, नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए अवैध निर्माण कार्य लगातार जारी है, जिससे निगम की व्यवस्था और नियमों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पार्षद ने कहा कि मामले की जानकारी मिलने पर नगर निगम प्रशासन और महापौर ने स्थल निरीक्षण कर जोन कमिश्नर को निर्माण कार्य तत्काल रोकने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण नहीं रुका।
गणेश रजक ने सवाल उठाया कि जब स्पष्ट निर्देश जारी किए जा चुके हैं, तब भी आखिर किसके संरक्षण या आदेश पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग की है।

इस मामले ने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली और निर्माण नियमों के पालन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद निगम प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।




