माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर भारत सरकार जारी करेगी स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट सिंधी समाज में हर्ष की लहर…!
रायपुर-{जनहित न्यूज़}
रायपुर छत्तीसगढ़ और सिंधी समाज के लिए गर्व का ऐतिहासिक क्षण आने वाला है। भारत सरकार पहली बार छत्तीसगढ़ से जुड़े किसी आध्यात्मिक व्यक्तित्व के सम्मान में ₹200 का स्मारक सिक्का तथा विशेष स्मारक डाक टिकट जारी करने जा रही है। यह सम्मान सिंधी समाज की लगभग 300 वर्ष पुरानी आध्यात्मिक पीठ शदाणी दरबार, रायपुर की पंचम पीठाधीश पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदान किया जा रहा है।

शदाणी दरबार के वर्तमान एवं नवम पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने बताया कि माता साहिब हासी देवी ने सिंध में नारी शक्ति की रक्षा, समाज सुधार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने शदाणी दरबार को सेवा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का ऐसा केंद्र बनाया, जिसकी प्रेरणा आज भी लाखों श्रद्धालुओं को मिल रही है। उनके सेवा, त्याग और समाज उत्थान के कार्यों के सम्मानस्वरूप भारत सरकार यह ऐतिहासिक स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी कर रही है।
दरबार के प्रवक्ता नंदलाल साहित्या एवं उदय साईं ने कहा कि यह केवल शदाणी दरबार ही नहीं, बल्कि देश-विदेश में बसे पूरे सिंधी समाज के लिए गौरव और ऐतिहासिक उपलब्धि का अवसर है। उनके अनुसार पहली बार सिंधी समाज की किसी महान विभूति के सम्मान में भारत सरकार स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी कर रही है।

उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक पहल के पीछे शदाणी दरबार से जुड़े सिक्का संग्राहक विक्रम तेजवानी की वर्षों की मेहनत, समर्पण और दूरदृष्टि का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करने की परिकल्पना सबसे पहले उन्होंने ही की थी, जो अब साकार होने जा रही है।
प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लूणावत ने बताया कि ₹200 मूल्यवर्ग का यह स्मारक सिक्का भारत सरकार की कोलकाता टकसाल में तैयार किया जा रहा है। 35 ग्राम वजनी इस सिक्के में 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल तथा 5 प्रतिशत जस्ता का मिश्रण रहेगा।

संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने जानकारी दी कि स्मारक सिक्के का भव्य अनावरण इसी सप्ताह होने की संभावना है। सिक्का जारी होने के बाद श्रद्धालु एवं संग्राहक इसे शदाणी दरबार के विभिन्न मंदिरों और इकाइयों के माध्यम से तथा कोलकाता टकसाल की आधिकारिक व्यवस्था के जरिए बुकिंग कर प्राप्त कर सकेंगे।
शदाणी दरबार लंबे समय से परोपकार, सेवा, सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, भक्ति, ज्ञान और मानव कल्याण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। यह स्मारक सिक्का और डाक टिकट दरबार की गौरवशाली परंपरा तथा माता साहिब हासी देवी के प्रेरणादायी योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्रदान करेगा।

