समझौते के बाद भी नहीं बुझी दुश्मनी… स्कॉर्पियो से घेरकर युवक की बेरहमी से हत्या साथी जान बचाकर भागा…!
बिलासपुर/रतनपुर-{जनहित न्यूज़}
मछली चोरी का एक कथित वीडियो रिकॉर्ड करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। थाने में शिकायत, मोबाइल तोड़े जाने और बाद में हुए समझौते के बावजूद दोनों पक्षों के बीच पनपी रंजिश आखिरकार खूनी वारदात में बदल गई। शनिवार रात रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में स्कॉर्पियो सवार आधा दर्जन लोगों ने एक युवक को घेरकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका साथी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार कर्रा निवासी तीरिथ यादव और श्याम सिंह खुंटाघाट बांध के पास चौकीदारी का काम करते थे। शनिवार रात करीब 9 बजे दोनों अपनी हीरो मोटरसाइकिल (CG 10 EF 7425) से कर्रा से खुंटाघाट की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे नवागांव के पास पहुंचे, सफेद रंग की स्कॉर्पियो (CG 12 R 1197) में सवार गोलू धीवर, अनीश धीवर समेत करीब आधा दर्जन लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।

बताया जा रहा है कि कुछ ही पलों में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने तीरिथ यादव पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद श्याम सिंह किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।
VIDEO से शुरू हुई थी दुश्मनी
पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले तीरिथ यादव ने कथित तौर पर गोलू धीवर को मछली चोरी करते हुए पकड़ लिया था और पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था। इसी बात से नाराज होकर गोलू ने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था।
इस मामले की शिकायत रतनपुर थाने तक पहुंची थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और मोबाइल बनवाने के लिए एक हजार रुपये देने की बात भी सामने आई। लेकिन समझौते के बाद भी दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव खत्म नहीं हुआ। परिजनों का आरोप है कि उसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए सुनियोजित तरीके से इस हत्या को अंजाम दिया गया।
गांव में दहशत, पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ कार्रवाई
वारदात की खबर फैलते ही नवागांव और आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है।
SDOP नूपुर उपाध्याय ने क्या कहा?
रतनपुर एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा पूरे मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है।
मुख्य बिंदु मछली चोरी के कथित वीडियो को लेकर शुरू हुई पुरानी रंजिश, समझौते के बावजूद नहीं थमा विवाद, हत्या तक पहुंचा मामला।
नवागांव में स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने युवक को घेरकर किया हमला।
कर्रा निवासी तीरिथ यादव की मौत
साथी श्याम सिंह बचकर निकला।
स्कॉर्पियो चालक गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश।
पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी।

