नियमों की अनदेखी पर परमिट निरस्त करने की चेतावनी पुलिस-परिवहन-स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त शिविर में परखे सुरक्षा इंतजाम…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस बिलासपुर ने रविवार को पुलिस परेड ग्राउंड में जिले के सभी स्कूलों की बसों के लिए विशाल संयुक्त जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया। इस दौरान 200 से अधिक स्कूल बसों का मैकेनिकल निरीक्षण, दस्तावेजों की जांच तथा चालक-परिचालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले स्कूलों की बसों का परमिट तक निरस्त किया जा सकता है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में यातायात पुलिस, जिला परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस वाहन शाखा की संयुक्त टीम ने बसों की गहन जांच की।

जांच के दौरान प्रत्येक स्कूल बस में टैक्स, फिटनेस, बीमा, परमिट, स्पीड गवर्नर प्रमाण-पत्र, जीपीएस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। साथ ही पूर्व निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों की भी बारीकी से जांच की गई।
अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन, प्राचार्यों, बस प्रभारियों, चालकों एवं परिचालकों को निर्देश दिए कि सभी दस्तावेज समय पर पूर्ण रखें तथा वाहनों का नियमित मैकेनिकल निरीक्षण कराते रहें, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर दुर्घटना या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

शिविर में चालक-परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र परीक्षण भी किया गया। उन्हें विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी सतर्कता, अनुशासन और यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन संचालन करने की हिदायत दी गई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी असीम माथुर, डॉ. सुधांशु शर्मा, नेत्र सहायक अधिकारी नवीन तंबोली, भागीरथ बंजारे, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में जिले के विभिन्न स्कूलों के बस प्रभारी, चालक और परिचालकों ने भी शिविर में भाग लिया।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे और विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

