जलजीवन मिशन की समीक्षा बैठक में दिए स्पष्ट निर्देश…! गुणवत्ता से कोई समझौता नही लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले के हर ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित और नियमित पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत सभी योजनाओं को मार्च 2027 तक हर हाल में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बुधवार को कलेक्टोरेट के मंथन सभाकक्ष में आयोजित जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के सचिव एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता रूपेश धनंजय ने विभागीय प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 219 हर घर जल प्रमाणित योजनाओं का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक कार्य पूर्ण करने, लंबित भुगतान के मामलों का त्वरित परीक्षण करने तथा पात्र योजनाओं का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शेष योजनाओं में ‘हर घर जल’ प्रमाणन प्रक्रिया को भी तेजी से पूरा करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने अक्टूबर 2026 एवं मार्च 2027 की समय-सीमा वाली सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, विद्युत कनेक्शन सहित अन्य विभागीय बाधाओं का तत्काल निराकरण करने और निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब रोकने के निर्देश दिए।
उन्होंने जल संकट वाले गांवों में स्रोत सुदृढ़ीकरण, फ्रैक्चर जोन आधारित कार्य, रिचार्ज संरचनाओं के निर्माण तथा जल स्रोतों के संरक्षण को प्राथमिकता देने को कहा। साथ ही बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित पेयजल योजनाओं की शीघ्र मरम्मत और पुनर्स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में कलेक्टर ने पूर्ण हो चुकी योजनाओं को नियमानुसार ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित कर उनके संचालन एवं संधारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण नागरिक को प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 55 लीटर सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी निर्माण एजेंसियां बेहतर समन्वय के साथ लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें, ताकि बिलासपुर जिला जल जीवन मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति में अग्रणी बन सके।

