शाम 6 से रात 12 बजे के बीच सबसे ज्यादा हादसे रॉन्ग साइड मोबाइल और तेज रफ्तार पर भी अब हुई सख्ती…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बिलासपुर यातायात पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत जनवरी से अब तक महज सात माह में शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले 2,459 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी प्रकरण न्यायालय भेजे गए, जहां वाहन चालकों पर अर्थदंड लगाया गया।

1,379 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित
यातायात नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार शराब के नशे में वाहन चलाना, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, रॉन्ग साइड या गलत लेन में वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करना सहित कुछ गंभीर यातायात उल्लंघनों में लाइसेंस निलंबन एवं निरस्तीकरण का प्रावधान है।

इसी के तहत यातायात पुलिस बिलासपुर ने सिर्फ सात माह में 1,379 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए हैं। आदतन नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।
शाम 6 से रात 12 बजे तक सबसे ज्यादा सड़क हादसे
यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में सामने आया है कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सड़क दुर्घटनाओं की संख्या सर्वाधिक रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए इस समयावधि में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, रॉन्ग साइड, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और अन्य यातायात उल्लंघनों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना तथा शराब या नशे की हालत में वाहन चलाना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। वहीं हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना हादसों की स्थिति में गंभीर परिणाम का कारण बन सकता है।

मोबाइल से लेकर रॉन्ग साइड तक, हर उल्लंघन पर नजर यातायात पुलिस द्वारा बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी, गलत नंबर प्लेट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग, खतरनाक एवं लहराकर वाहन चलाने सहित विभिन्न उल्लंघनों पर नियमित कार्रवाई की जा रही है। ITMS के माध्यम से भी यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की जा रही है।

शहर के विभिन्न स्थानों पर स्टॉपर और चेकिंग पॉइंट लगाकर वाहन चालकों की निगरानी की जा रही है। शराब के नशे में वाहन चलाने के अलावा स्टंटिंग, वाहन पर हुड़दंग, असामाजिक व्यवहार, ट्रिपल सवारी, हूटर एवं प्रेशर हॉर्न का उपयोग तथा मॉडिफाइड साइलेंसर जैसे मामलों में भी सख्ती बरती जा रही है।
दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान

यातायात पुलिस का कहना है कि लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद कुछ वाहन चालक यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हैं। ऐसे वाहन चालकों के कारण न केवल उनकी बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। इसी वजह से चेकिंग अभियान को लगातार प्रभावी बनाया जा रहा है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय धैर्य, संयम और सतर्कता बरतें। शराब या किसी भी नशे की हालत में वाहन न चलाएं, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें। सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए नियमों का पालन ही सबसे प्रभावी उपाय है।

