14 मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण जमीन और लेन-देन से जुड़ी शिकायतों पर हुई तत्काल कार्रवाई…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर आम लोगों की समस्याओं को सुनने और शिकायतों के त्वरित निराकरण की दिशा में बिल्हा पुलिस ने मंगलवार को सराहनीय पहल की। थाना बिल्हा परिसर में आयोजित शिकायत शिविर में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए 14 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया।
शिकायत शिविर का आयोजन नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान थाना बिल्हा प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा। शिविर में थाना बिल्हा में पूर्व में प्रस्तुत किए गए आवेदनों के साथ वरिष्ठ पुलिस कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों के आवेदकों को भी बुलाया गया।

फरियादियों की समस्याएं सुनकर निकाला समाधान:-
पुलिस अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित पक्षों से चर्चा कर मामले के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की। जमीन से संबंधित मामलों में आवेदकों को आवश्यक प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया, जबकि पैसों के लेन-देन से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की सहमति से आपसी समझौते के आधार पर विवादों का निराकरण कराया गया।

14 स्थानीय आवेदनों की फाइल बंद
शिकायत शिविर के दौरान कुल 14 स्थानीय आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। पुलिस की इस पहल से फरियादियों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार थाना अथवा वरिष्ठ कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

बिल्हा पुलिस की इस पहल को आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है। शिकायतों को सुनने के साथ उनका मौके पर समाधान करने की प्रक्रिया से पुलिस और आम जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

पुलिस का उद्देश्य ऐसे आयोजनों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है, ताकि आम लोगों को पुलिसिंग का सीधा और सहज लाभ मिल सके।

