ऑपरेशन बाज के तहत चिल्फी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई…!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़]
मुंगेली जमीन विवाद को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में चिल्फी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपियों ने खेत में ट्रैक्टर से जुताई करने की बात को लेकर विवाद करते हुए युवक और बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता के साथ मारपीट की थी। इस दौरान लोहे के बरछे से हमला कर दोनों को घायल कर दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और लोहे का बरछा भी बरामद किया है।
खेत में जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को ग्राम सिलतरा निवासी तोरन खाण्डे अपने पुत्र दीपेन्द्र खाण्डे के साथ गांव के तालाब के पास स्थित खेत में गया था। दीपेन्द्र ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान गांव के रामजी बर्मन, रघुवंश बर्मन, कला बाई बर्मन और सारिका बर्मन वहां पहुंचे और खेत में जुताई करने की बात को लेकर विवाद करने लगे।
आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने दीपेन्द्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। रघुवंश बर्मन ने हाथ में रखे लोहे के बरछे से दीपेन्द्र के सिर पर वार किया, जबकि रामजी बर्मन ने हाथ-मुक्का और लाठी से उसके गाल एवं होंठ पर चोट पहुंचाई। वहीं कला बाई और सारिका बाई ने दीपेन्द्र का हाथ पकड़ रखा था।
बचाने पहुंचे पिता पर भी हमला
पुत्र के साथ मारपीट होता देख तोरन खाण्डे बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि लोहे के बरछे से उनके सिर, बाएं हाथ के पंजे के ऊपर तथा बाएं गले पर वार कर उन्हें घायल कर दिया गया।
शिकायत के आधार पर चिल्फी पुलिस ने अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई।

छह अगस्त से फरार थे आरोपी, ‘ऑपरेशन बाज’ में दबोचे गए:-
घटना के बाद चारों आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक लोरमी श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में चिल्फी पुलिस ने ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत आरोपियों की लगातार पतासाजी शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। आखिरकार 11 अगस्त को पुलिस ने चारों फरार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना में आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रघुवंश बर्मन (24), रामजी बर्मन (52), कला बाई बर्मन (50) और सारिका बर्मन (20), सभी निवासी ग्राम सिलतरा, थाना चिल्फी, जिला मुंगेली शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा एवं लोहे का बरछा जब्त कर चारों आरोपियों को 11 अगस्त को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक रघुबीर लाल चन्द्रा, सउनि मनक राम ध्रुव, प्रधान आरक्षक सिद्धेश्वर प्रसाद बंजारे, आरक्षक मुकेश कुर्रे एवं आरक्षक प्रशांत कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत अपराधियों पर पुलिस की शिकंजा कसने की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।

