देशभक्ति के रंग में रंगा ड्रीमलैंड स्कूल गीतों से गूंजा राष्ट्रप्रेम का जज्बा…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को देशभक्ति प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, बलिदान और समर्पण की भावना को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के जोश और उत्साह से सराबोर नजर आया।
प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को अजंता, एलोरा, नालंदा और तक्षशिला चार समूहों में विभाजित किया गया था। कनिष्ठ वर्ग में कक्षा 6वीं से 8वीं तथा वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कनिष्ठ समूह प्रतियोगिता में नालंदा हाउस ने शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया। तक्षशिला दूसरे और अजंता समूह तीसरे स्थान पर रहा। वहीं कनिष्ठ सोलो प्रतियोगिता में तक्षशिला ने प्रथम, नालंदा ने द्वितीय तथा एलोरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वरिष्ठ समूह प्रतियोगिता में तक्षशिला समूह के विद्यार्थियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों का मन मोहते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। नालंदा समूह दूसरे तथा एलोरा तीसरे स्थान पर रहा। अजंता समूह को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। वरिष्ठ सोलो प्रतियोगिता में तक्षशिला प्रथम, अजंता द्वितीय और एलोरा तृतीय स्थान पर रहा।

विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से देश के वीरों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को अभिव्यक्त किया। प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों के भीतर उत्साह और राष्ट्रप्रेम की नई ऊर्जा का संचार किया। समूह शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को गीतों का अभ्यास कराने से लेकर मंच पर प्रस्तुति देने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार एवं वाइस प्राचार्य श्रीमती तपोषी सरकार ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। मंच का संचालन सैवल सर ने किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बातों से बात बनती है अच्छी बातों से बात बनती है। हारना गलत नहीं है हार मान लेना गलत है। एक वाक्य का अंत पूर्णविराम नहीं है, बल्कि एक नए वाक्य की शुरुआत है।” उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में असफलताओं से निराश न होकर लगातार प्रयास करते रहने और आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।

देशभक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास, अनुशासन और कभी हार न मानने की भावना को मजबूत किया। प्रतियोगिता केवल जीत-हार तक सीमित नहीं रही, बल्कि विद्यार्थियों के लिए देश के प्रति अपने सम्मान और समर्पण को अभिव्यक्त करने का प्रेरणादायी मंच बनी।

