बीयर की बोतल और हाथ-मुक्कों हमला वारदात के बाद फरार साथी अर्जुन ठाकुर पहले ही खा चुका है जेल की हवा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शिवा सिंह ठाकुर को कोनी पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने पौंसरा स्थित उसके निवास पर दबिश देकर घेराबंदी की और आरोपी को धर-दबोचा। मामले में शामिल आदतन गुंडा-बदमाश अर्जुन सिंह ठाकुर को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में हत्या, चाकूबाजी एवं अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में कोनी पुलिस फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी में जुटी थी।
बीयर की बोतल से हमला कर पहुंचाई थी गंभीर चोट-:
पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3 बजे आरोपी अर्जुन ठाकुर एवं शिवा ठाकुर ने दीपक भार्गव के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद किया। इसके बाद दोनों ने बीयर की बोतल एवं हाथ-मुक्कों से उसके साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले में कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 मई 2026 को आदतन गुंडा-बदमाश अर्जुन सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, घटना के बाद से शिवा ठाकुर लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
पौंसरा में छिपे होने की मिली सूचना, पुलिस ने दबोचा:-
12 अगस्त 2026 को कोनी पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी शिवा ठाकुर अपने ग्राम पौंसरा स्थित निवास पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी शिवा सिंह ठाकुर (33), पिता मुन्ना सिंह ठाकुर, निवासी ग्राम पौंसरा, थाना कोनी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 205/2026 में धारा 109, 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तारी की गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी को कोनी पुलिस की लगातार पतासाजी और त्वरित कार्रवाई का परिणाम माना जा रहा है।

