ट्रांसपोर्ट नगर के विस्तार से लेकर आधुनिक इंडस्ट्रियल पार्क तक की मांग व्यापार विहार के भूखंड फ्री-होल्ड करने की मांग पर दिया जोर…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर न्यायधानी बिलासपुर में तेजी से बढ़ती व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों के बीच छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने शहर के आर्थिक विकास को नई रफ्तार देने के लिए सरकार के सामने मांगों का विस्तृत खाका रखा है। चेंबर ने ट्रांसपोर्ट नगर के विस्तार, आधुनिक औद्योगिक पार्क की स्थापना और व्यापार विहार के पात्र भूखंडों को फ्री-होल्ड करने की मांग उठाते हुए इन मुद्दों पर शीघ्र निर्णय की अपेक्षा जताई है।

प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी के नेतृत्व में शासन के विभिन्न विभागों को भेजे गए पत्र में चेंबर ने कहा है कि न्यायधानी बनने के बाद बिलासपुर की व्यापारिक गतिविधियों के साथ माल परिवहन और औद्योगिक जरूरतें भी तेजी से बढ़ी हैं। ऐसे में पुराने और सीमित संसाधनों वाले ट्रांसपोर्ट नगर पर बढ़ता दबाव भविष्य में बड़ी चुनौती बन सकता है।
ट्रांसपोर्ट नगर को मिले आधुनिक हब का स्वरूप:-
चेंबर ने ट्रांसपोर्ट नगर के विस्तार के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराने के साथ चौड़ी सड़कें, बेहतर कनेक्टिविटी, भारी वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग, आधुनिक लोडिंग-
अनलोडिंग जोन,स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, स्वच्छता और पेयजल जैसी सुविधाएं विकसित करने की मांग की है। चेंबर का जोर ट्रांसपोर्ट नगर को केवल वाहनों के ठहराव स्थल के बजाय आधुनिक लॉजिस्टिक एवं ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने पर है।

शहर के बाहर बने आधुनिक औद्योगिक पार्क
नए उद्योगों के लिए बेहतर आधार तैयार करने चेंबर ने शहर से 15 से 20 किलोमीटर की परिधि में, प्रमुख मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी वाले क्षेत्र में आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित करने की मांग की है। चेंबर का मानना है कि इससे नए निवेश को आकर्षित करने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बिलासपुर की औद्योगिक पहचान और मजबूत होगी।

व्यापार विहार के भूखंडों पर फ्री-होल्ड की मांग
व्यापार विहार के पात्र भूमि एवं भूखंडों को फ्री-होल्ड किए जाने की मांग भी चेंबर ने प्रमुखता से उठाई है। चेंबर के अनुसार, इससे व्यापारियों को अपने व्यवसायिक परिसरों पर अधिक स्थायित्व मिलेगा और लंबे समय से जुड़े इस महत्वपूर्ण व्यापारिक क्षेत्र के विकास को भी गति मिल सकेगी।

चेंबर के बिलासपुर इकाई अध्यक्ष भागचंद बजाज सहित व्यापारिक एवं औद्योगिक समुदाय ने सरकार से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई है। चेंबर का कहना है कि यदि इन प्रस्तावों को जमीन पर उतारा जाता है तो बिलासपुर केवल व्यापारिक केंद्र नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के प्रमुख लॉजिस्टिक और औद्योगिक हब के रूप में अपनी नई पहचान बना सकता है।

