कोनी पुलिस ने 12,100 नगद और ताश पत्ती सहित…7 जुआरियों को धर-दबोचा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर में जुआरियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोनी पुलिस ने एसबीआई बैंक के पीछे बिजली की रोशनी में जुए का फड़ सजाकर दांव लगा रहे 7 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुआरियों के कब्जे से कुल 12,100 नगद, 52 पत्ती ताश और बोरा-फट्टी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छोटी कोनी स्थित एसबीआई बैंक के पीछे कुछ लोग बिजली की रोशनी में खुलेआम जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोनी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन टीम ने मौके से सभी सात आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके पर दीनू भारती, गोलू भोई उर्फ विवेक, राज गढ़ेवाल उर्फ बिट्टू, मोहित अग्रवाल, आर्यन घृतलहरे, रिंकू कुमार और सचिन सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया।
फड़ पर अलग-अलग रकम से लगा रहे थे दांव
पुलिस ने आरोपियों के फड़ और उनके पास से अलग-अलग रकम बरामद की। दीनू भारती के फड़ से 1,500 और पास से 600, गोलू भोई के फड़ से 900 और पास से 700, राज गढ़ेवाल के फड़ से 2,100 और पास से 300, मोहित अग्रवाल के फड़ से 700 और पास से 400, आर्यन घृतलहरे के फड़ से ₹1,800 और पास से 600, रिंकू कुमार के फड़ से 1,200 और पास से 400 तथा सचिन सूर्यवंशी के फड़ से ₹600 और पास से 300 बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक कुल 12,100 की नगदी जब्त की गई।
जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई, न्यायालय में पेश
कोनी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं 112 BNS के तहत विधिवत कार्रवाई की। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोनी निरीक्षक जितेन्द्र गुप्ता, सउनि राजेश धर दीवान तथा आरक्षक भोपसिंह साहू, उदय पाटले, अजय सोनी और विजेंद्र सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक अथवा सुनसान स्थानों पर जुआ खिलाने और खेलने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

