जूनापारा के पास भीषण सड़क हादसा टक्कर के बाद बाइक के उड़े परखच्चे हादसे के बाद ट्रक चालक फरार CCTV से तलाश में जुटी पुलिस…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जूनापारा पुलिस चौकी के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। दुर्घटना में बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्ष रूप से सामने आई जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर दुर्घटना के निशान काफी दूर तक दिखाई दिए।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी:-
भीषण दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही तखतपुर थाना और जूनापारा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की तथा पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है।
ट्रक चालक वाहन समेत फरार:-
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि ट्रक की आवाजाही और चालक की पहचान के संबंध में पुख्ता जानकारी मिल सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस फरार चालक को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
पहचान के बाद सामने आएगा हादसे का पूरा सच फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मृतकों की पहचान करना है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तीनों युवक कहां के रहने वाले थे। पहचान और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

