लॉकेट बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी मुखबिर की सूचना ने खोली पूरी चोरी की परतें…!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़]
मुंगेली-बगबुडवा में हुई चोरी की वारदात का पथरिया पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 7 नग सोने के लॉकेट, 1 नग चांदी की सकरी और ₹16,500 नगद, कुल ₹64,500 की संपत्ति बरामद की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बगबुडवा निवासी दिलहरण मरावी (50) ने 10 सितंबर 2026 को थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उसके घर में घुसा और कमरे में रखी आलमारी से 7 सोने के लॉकेट और एक चांदी की सकरी, जिसकी कीमत करीब ₹48 हजार थी, चोरी कर ले गया। इसके अलावा गुल्लक में रखे ₹27 हजार नगद भी गायब थे। शिकायत पर थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 227/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
लॉकेट बेचने निकला था आरोपी, पुलिस के हाथ लगा सुराग-:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में टीम ने संदिग्धों और चोरी के माल की पतासाजी शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बगबुडवा निवासी ईश्वर मरावी सोने का लॉकेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों कैप खान, अशरफ खान और सुभान खान के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने तीनों अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सभी ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

चार आरोपियों से अलग-अलग बरामद हुआ चोरी का माल:-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ईश्वर मरावी से 3 नग सोने के लॉकेट और ₹13,000 नगद कैप खान से 4 नग सोने के लॉकेट सुभान खान से 1 नग चांदी की सकरी
अशरफ खान से ₹3,500 नगद बरामद किए। इस तरह पुलिस ने कुल 7 सोने के लॉकेट, 1 चांदी की सकरी और ₹16,500 नगद, यानी ₹64,500 की चोरी गई संपत्ति बरामद की।
जांच के दौरान आरोपियों के विरुद्ध धारा 317(2), 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी ईश्वर मरावी (18), कैप खान (24), सुभान खान (20) और अशरफ खान (19) सभी निवासी बगबुडवा को 11 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया।
पथरिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक पवन देवांगन, प्र.उप निरीक्षक योगेश कुमार भट्ट, भारती मरकाम, प्र.आर. तीनजुगी राजपूत तथा आरक्षक स्वारथ लाल ध्रुव, दीपक ठाकुर, शिवशंकर गोयल, राजीव पटेल और सूरज मंडावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

