निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने घुरू और तिफरा क्षेत्र में हितग्राहियों के घर पहुंचकर कर किया सीधे संवाद…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में सुस्ती अब हितग्राहियों पर भारी पड़ सकती है। योजना की अंतिम समय-सीमा 30 सितंबर 2026 नजदीक आते ही नगर निगम ने अधूरे आवासों को पूरा कराने के लिए अपनी निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने घुरू और तिफरा क्षेत्र में हितग्राहियों के घर पहुंचकर उनसे सीधे संवाद किया और आवास निर्माण की प्रगति का जायजा लिया।
कमिश्नर ने खास तौर पर उन हितग्राहियों से चर्चा की, जिन्होंने पहली और दूसरी किस्त प्राप्त करने के बाद निर्माण कार्य बीच में रोक दिया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है, इसलिए अनुदान मिलने के बाद निर्माण कार्य को अधूरा छोड़ना हितग्राहियों के हित में नहीं है। उन्होंने जल्द निर्माण शुरू कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवास पूर्ण करने की अपील की।

30 सितंबर के बाद नहीं मिलेगा योजना 1.0 का अनुदान:-
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 1.0 की निर्धारित अवधि 30 सितंबर 2026 तक है। इसके बाद इस योजना के तहत अनुदान जारी नहीं किए जाने की जानकारी दी गई है। ऐसे में निगम का पूरा जोर लंबित आवासों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने पर है, ताकि पात्र हितग्राही अपनी शेष किस्तों का लाभ समय रहते प्राप्त कर सकें।
स्वीकृति मिली, फिर भी शुरू नहीं किया निर्माण
कमिश्नर ने उन हितग्राहियों से भी मुलाकात की, जिनका योजना के तहत चयन हो चुका है और अनुदान स्वीकृत है, लेकिन उन्होंने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। ऐसे हितग्राहियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर तत्काल निर्माण प्रारंभ करने के लिए प्रेरित किया गया।

समस्या पूछी, समाधान के निर्देश भी दिए
घर-घर संवाद के दौरान कमिश्नर सर्वे ने हितग्राहियों से निर्माण कार्य में आ रही परेशानियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि तकनीकी अथवा प्रक्रियागत कारणों से आवास निर्माण में अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने कहा कि शासन की योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना निगम की प्राथमिकता है। हितग्राही योजना के तहत मिली राशि का उपयोग आवास निर्माण में करें और समय-सीमा के भीतर अपने सपनों का पक्का घर पूरा करें।

नगर निगम द्वारा बीएलसी घटक के आवासों की प्रगति की लगातार निगरानी की जा रही है। निर्माण कार्य में विलंब करने वाले हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें समय पर आवास पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस दौरान निगम के अधीक्षण अभियंता एस.पी. साहू सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

