गोंडपारा सामुदायिक भवन में गूंजा उत्सव का उल्लास…पिंकी नामदेव बनीं तीज सुंदरी…नई महिला मंडल कार्यकारिणी का हुआ गठन…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर हरितालिका तीज के पावन अवसर पर श्री नामदेव समाज विकास परिषद एवं महिला मंडल बिलासपुर ने सामाजिक एकता, महिला सशक्तिकरण और समृद्ध लोक परंपराओं का ऐसा जीवंत उत्सव रचा, जो लंबे समय तक समाज की स्मृतियों में यादगार बना रहेगा। गोंडपारा स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित भव्य तीज मिलन समारोह में समाज की महिलाओं, युवतियों और बेटियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सहभागिता कर भारतीय संस्कृति की खूबसूरत तस्वीर प्रस्तुत की। ताशा की धुन पर थिरकते कदमों और उत्साह से भरे वातावरण ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया।

समारोह में महिलाओं के लिए मटकी फोड़, नृत्य, कुर्सी दौड़ और प्रश्न-उत्तर सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में संतोषी नामदेव प्रथम, वर्षा श्रीवास्तव द्वितीय और लक्ष्मी वर्मा तृतीय रहीं। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में गरिमा श्रीवास्तव रानी ने प्रथम, प्रिया श्रीवास्तव ने द्वितीय और भारती वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कुर्सी दौड़ में परमेश्वरी नामदेव प्रथम, मंजू नामदेव द्वितीय और सुनीता नामदेव तृतीय रहीं। प्रश्न-उत्तर प्रतियोगिता में लक्ष्मी नामदेव, भारती चौधरी, रोशनी नामदेव, भारती श्रीवास्तव, रुचिका श्रीवास्तव, सीता श्रीवास्तव, रश्मि वर्मा और संगीता श्रीवास्तव ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी।

पिंकी नामदेव बनीं ‘तीज सुंदरी’
आकर्षक पारंपरिक परिधान, प्रस्तुति और आत्मविश्वास के आधार पर पिंकी नामदेव को ‘तीज सुंदरी’ चुना गया। आयोजन में शामिल महिलाओं ने एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाया और तीज के पारंपरिक उल्लास को आधुनिक सामाजिक सहभागिता से जोड़ा। समारोह में उपस्थित लोगों ने समाज की पारंपरिक संस्कृति से जुड़े 11 प्रकार के व्यंजनों का भी आनंद लिया।
सभापति विनोद सोनी ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह-:
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम बिलासपुर के सभापति विनोद सोनी रहे। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को अपनी जड़ों, परंपराओं और आपसी रिश्तों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
महिला मंडल को मिली नई टीम:-
समारोह के दौरान महिला मंडल की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से प्रभा श्रीवास्तव को अध्यक्ष, पूजा श्रीवास्तव को महामंत्री, मनीषा श्रीवास्तव को उपाध्यक्ष, दीपा नामदेव को सचिव, आरती नामदेव को संयोजक तथा संजना वर्मा कोषाध्यक्ष चुना गया।

इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि हरितालिका तीज केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और नारी शक्ति का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि समाज की माताओं-बहनों को एक मंच पर लाकर पारस्परिक सौहार्द, सहयोग और संगठन को मजबूत करना ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है।

समारोह में परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष वर्मा, उपाध्यक्ष महेश श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, दिलीप श्रीवास्तव, आकाश श्रीवास्तव, बृज किशोर चौधरी, एन.के. वर्मा, रितेश चौधरी, ओम प्रकाश नामदेव, संजू वर्मा सहित समाज के गणमान्य नागरिक, महिला मंडल की सदस्याएं एवं परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अंत में सभी ने हाई टी के साथ एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और उल्लासपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन ने यह संदेश दिया कि परंपराएं तभी जीवंत रहती हैं, जब नई पीढ़ी उन्हें उत्साह और गर्व के साथ आगे बढ़ाती है।

