ओडिशा से सस्ते दाम में गांजा खरीदकर सीपत क्षेत्र में महंगे दाम पर बेचने की थी तैयारी…6.50 लाख रुपये का गांजा जब्त…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसीसीयू और थाना मस्तूरी पुलिस की संयुक्त टीम ने जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर 13 किलो गांजे की खेप के साथ चार आरोपियों को पकड़ा है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई में पुलिस ने गांजे के साथ घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा डीएसपी एसीसीयू एवं एसडीओपी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में एसीसीयू और थाना मस्तूरी की टीम को महत्वपूर्ण सूचना मिली।
13 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे तीन पुरुष और एक महिला अपने-अपने पिट्ठू बैग व झोले में गांजा लेकर खड़े हैं। वे गांजा बिक्री के लिए ग्राम मटियारी, थाना सीपत जाने के लिए ऑटो या बस का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से एक पुरुष, एक महिला तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 13 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा एवं मोबाइल फोन जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
ओडिशा से लाते थे गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से कम कीमत पर खरीदकर लाए थे। इसके बाद इसे बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मटियारी में अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई के स्रोत की भी जानकारी जुटा रही है।

ये आरोपी गिरफ्तार-:
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में आकाश सिसोदिया (21), पूर्वा मालिया (20), कृष्णा पाण्डेय (23) और नीरज नायक (19) को पकड़ा गया है। इनमें आकाश सिसोदिया, पूर्वा मालिया और कृष्णा पाण्डेय ग्राम मटियारी, थाना सीपत क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं, जबकि नीरज नायक उमरिया, मध्यप्रदेश का निवासी है।
संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, थाना मस्तूरी प्रभारी निरीक्षक सलीम खाका, उप निरीक्षक सुजान जगत, उप निरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह तथा आरक्षक प्रेम सूर्यवंशी, मुकेश शर्मा, रवि यादव, रमेश यादव और धीरेन्द्र तोमर का सराहनीय योगदान रहा।

