बिलासपुर के विभिन्न प्रखंडों व जरूरतमंद क्षेत्रों में लगेंगे स्वास्थ्य जांच शिविर कैंसर की समय पर पहचान और उपचार पर जोर…पूरे प्रांत के साथ MoU की भी तैयारी…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] समाज के जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में रामकृष्ण CARE हॉस्पिटल रायपुर एवं विश्व हिंदू परिषद बिलासपुर ने महत्वपूर्ण पहल की है। दोनों संस्थाओं के समन्वय से बिलासपुर के विभिन्न प्रखंडों, बस्तियों एवं जरूरतमंद क्षेत्रों में समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। खास तौर पर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान, जांच और उपचार के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।

12 सितंबर को आयोजित कम्युनिटी मीटिंग में रामकृष्ण CARE हॉस्पिटल रायपुर के कैंसर एवं ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम विशेष रूप से शामिल हुई। चिकित्सकों ने हॉस्पिटल के कैंसर इंस्टीट्यूट में उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, आधुनिक मशीनों, नवीन उपचार पद्धतियों और विभिन्न चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी उपस्थित सदस्यों को दी।
बैठक में विश्व हिंदू परिषद बिलासपुर की ओर से सुझाव रखा गया कि शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों और ऐसी बस्तियों में भी स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, जहां आर्थिक कठिनाइयों के कारण लोगों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श लेना मुश्किल होता है। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक चिकित्सा मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की योजना है।
जनसेवा के प्रकल्पों की दी जानकारी:-
कार्यक्रम का मंच संचालन विश्व हिंदू परिषद बिलासपुर के जिला सेवा प्रमुख नीरज जग्यासी ने किया। उन्होंने विहिप द्वारा जनसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने रक्तदान शिविरों, देहदान एवं नेत्रदान के संकल्प, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य समाजसेवी प्रकल्पों के बारे में उपस्थितजनों को अवगत कराया।

पूरे प्रांत के साथ MoU पर भी सकारात्मक चर्चा बैठक में रामकृष्ण CARE हॉस्पिटल की ओर से जरूरतमंदों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया गया। इसके साथ ही विश्व हिंदू परिषद के पूरे प्रांत के साथ MoU (समझौता ज्ञापन) करने की दिशा में भी सकारात्मक चर्चा हुई।
प्रस्तावित MoU के माध्यम से विहिप के सदस्यों एवं जरूरतमंद लोगों को कैंसर सहित अन्य बीमारियों के उपचार में विशेष रियायत एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा दोनों संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से स्वास्थ्य क्षेत्र में जनकल्याणकारी गतिविधियों को विस्तार देने की योजना पर विचार किया गया।

कैंसर की शुरुआती पहचान पर विशेष फोकस
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में समय पर जांच और प्रारंभिक पहचान उपचार की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण होती है। स्वास्थ्य शिविरों के जरिए लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

विहिप बिलासपुर ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। संयुक्त प्रयासों से उन लोगों को भी चिकित्सा परामर्श और जांच की सुविधा मिल सकेगी, जो आर्थिक या अन्य कारणों से समय पर स्वास्थ्य सेवाओं तक नहीं पहुंच पाते।

ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद बिलासपुर से विक्रांत केशरवानी, प्रकाश त्रिवेदी, नीरज जग्यासी, विवेक पंजवानी, सोनल अग्रवाल, भूमिका रॉयल, गौरव धनकर, पुलकित अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रामकृष्ण CARE हॉस्पिटल रायपुर और विश्व हिंदू परिषद बिलासपुर के बीच हुई यह कम्युनिटी मीटिंग स्वास्थ्य सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में नए सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। आने वाले समय में दोनों संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की उम्मीद है।

