बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] चकरभाठा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपी ने महिला के कमरे में घुसकर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 सितंबर 2026 की सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच वह अपने घर के कमरे में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी रमाकांत सूर्यवंशी (30), पिता पन्नालाल सूर्यवंशी, निवासी ग्राम सैदा, थाना सकरी, जिला बिलासपुर उसके कमरे में पहुंच गया। आरोप है कि उसने महिला के साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ की। महिला की नींद खुलने पर उसने विरोध किया, जिसके बाद आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
मामले की रिपोर्ट मिलते ही चकरभाठा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 एवं 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
चकरभाठा पुलिस की अपील-:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना पुलिस को सूचना दें अथवा डायल-112 पर संपर्क करें। पुलिस ने कहा कि अपराध की सूचना समय पर मिलने से त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।

