आदिवासी सामुदायिक भवन और महतारी सदन के लिए 30 लाख की भी घोषणा…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव तक विकास कार्यों को गति देने की दिशा में ग्राम पंचायत धौरामुड़ा को बड़ी सौगात मिली है। शुक्रवार को गांव में 49.98 लाख की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन विधायक सुशांत शुक्ला ने किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांग और स्थानीय जरूरतों को देखते हुए आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख तथा महिलाओं के लिए महतारी सदन के लिए 15 लाख, यानी कुल 30 लाख की अतिरिक्त घोषणा की।

भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा विधानसभा के प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। विकास कार्यों का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार हो, इसी उद्देश्य से लगातार कार्यों को स्वीकृति दी जा रही है।

धौरामुड़ा में इन कार्यों को मिली मंजूरी
धौरामुड़ा में स्वीकृत विकास कार्यों में रामेश्वर के घर से हरिचंद के घर तक ₹12 लाख की लागत से सीसी रोड, ₹8 लाख का आहता निर्माण
5 लाख का मुक्तिधाम निर्माण, 12.58 लाख की लागत से उचित मूल्य दुकान निर्माण, ₹2 लाख का संस्कृति मंच तथा मिलन के घर से मुक्तिधाम तक 10.40 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण शामिल है।

इन सभी कार्यों की कुल स्वीकृत लागत 49.98 लाख है। विकास कार्यों के भूमिपूजन से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने गांव में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक के प्रति आभार जताया।

आदिवासी समाज और महिलाओं के लिए भी बड़ी घोषणा कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख और महतारी सदन के लिए 15 लाख देने की घोषणा की। इन घोषणाओं के बाद ग्रामीणों में खुशी देखने को मिली।

विधायक शुक्ला ने कहा कि गांवों के विकास में स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देना जरूरी है। सड़क, मुक्तिधाम, उचित मूल्य दुकान, सामुदायिक भवन, संस्कृति मंच और महतारी सदन जैसी सुविधाएं ग्रामीणों के दैनिक जीवन को सुगम बनाने के साथ सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को भी मजबूती प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि विकास केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि गांवों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति भी उतनी ही जरूरी है। हमारा संकल्प है कि बेलतरा विधानसभा के प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचे और जन-आकांक्षाओं को धरातल पर साकार किया जाए।

गांव-गांव विकास कार्यों को प्राथमिकता
बेलतरा विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम, संस्कृति मंच सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

धौरामुड़ा में करीब 50 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन और 30 लाख की नई घोषणाएं इसी क्रम की महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही हैं।

कार्यक्रम में शंकर दयाल शुक्ला, उमेश गौरहा, मंडल अध्यक्ष मणीदास मानिकपुरी, महामंत्री गंगा साहू एवं भरत कश्यप, धौरामुड़ा सरपंच निलेश राव, बसहा सरपंच बुद्धेश्वर कश्यप, सलखा सरपंच रामकृष्ण कश्यप, करमा सरपंच नंद कुमार साहू सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

