तकनीकी साक्ष्य से आरोपियों तक पहुंची कोटा पुलिस…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] पर्यटन स्थल कोरी डैम में पर्यटकों के साथ हुई लूट की वारदात का कोटा पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस के सूचना तंत्र ने वारदात की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस को आरोपियों तक पहुंचाया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया Poco मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 10 CC 7858 जब्त की है।
बैंक का काम खत्म कर कोरी डैम पहुंचे थे युवक-युवतियां:-
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया अपने साथियों के साथ 23 सितंबर 2026 को बैंक संबंधी काम से कोटा आई थी। बैंक का काम पूरा होने के बाद सभी घूमने के लिए कोरी डैम पहुंचे थे। इसी दौरान तीन युवक उनके पास पहुंचे और कथित तौर पर प्रार्थिया के साथी के साथ मारपीट करते हुए उसका बैग और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। प्रार्थिया ने 1 अक्टूबर 2026 को थाना कोटा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 841/2026, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्य से खुलती गई लूट की कड़ी
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल की जा रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि नाका चौक, कोटा में तीन संदिग्ध स्कूटी से घूमते हुए मोबाइल बेचने का प्रयास कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को पकड़कर थाना लाया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 23 सितंबर को कोरी डैम में पर्यटकों से बैग और मोबाइल लूटने की वारदात स्वीकार की।
मोबाइल बरामद, वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा भी जब्त:-
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया एक Poco मोबाइल फोन बरामद किया। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल होंडा एक्टिवा CG 10 CC 7858 को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

दो गिरफ्तार, एक बालक अभिरक्षा में
पुलिस ने मामले में गुरजीत सिंह उर्फ बंटी (29), पिता परविंदर सिंह, निवासी कुंवारीमुड़ा, थाना कोटा तथा रामजी यादव (38), पिता मनहरण लाल यादव, निवासी ग्राम घासीपुर, थाना रतनपुर को विधिवत गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वहीं, मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को परिजनों को सूचना देने के बाद बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।
लूटकांड के खुलासे में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, ACCU प्रभारी गोपाल सतपति, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा, आरक्षक संजय श्याम (1356), आरक्षक सुनील पटेल (1092) सहित थाना कोटा और ACCU स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सूचना तंत्र और त्वरित कार्रवाई के जरिए कोरी डैम लूटकांड के आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

