सरजू बगीचा में बिना अनुमति निर्माण का आरोप विद्युत सुरक्षा मानकों की अनदेखी का दावा…! ट्रांसफार्मर में खराबी और वोल्टेज डाउन की भी उठी शिकायत…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सरजू बगीचा क्षेत्र में कथित रूप से बिना अनुमति हॉस्टल निर्माण और हाईटेंशन बिजली लाइन के नीचे लापरवाहीपूर्वक निर्माण कार्य कराए जाने का मामला सामने आया है। मोहल्ले के लोगों ने इसे गंभीर सुरक्षा का मामला बताते हुए कनिष्ठ यंत्री, गोल बाजार जोन, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी तथा सिटी कोतवाली थाना प्रभारी के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में भारतीय नगर निवासी राजेन्द्र शुक्ला पर सरजू बगीचा में कथित रूप से अवैध हॉस्टल निर्माण कराने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि निर्माण के लिए नगर पालिक निगम से आवश्यक अनुमति तथा विधिवत नक्शा स्वीकृत कराया गया है या नहीं, इसकी जांच की जानी चाहिए। साथ ही निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पालन किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
निर्माण स्थल के सामने से गुजर रही हाईटेंशन लाइन शिकायत का सबसे गंभीर पहलू निर्माण स्थल के सामने से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को लेकर है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि निर्माण के दौरान विद्युत सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां नहीं बरती जा रही हैं। यदि निर्माण कार्य और हाईटेंशन लाइन के बीच निर्धारित सुरक्षा दूरी का पालन नहीं किया गया है तो भविष्य में गंभीर विद्युत दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

शिकायतकर्ताओं ने विद्युत विभाग से मौके का तकनीकी निरीक्षण कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि निर्माण स्थल के आसपास विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।
पहले भी ट्रांसफार्मर खराब होने और वोल्टेज की समस्या का दावा शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में पूर्व में लापरवाहीपूर्ण कार्य के कारण कॉलोनी में लगे ट्रांसफार्मर में खराबी आने से वोल्टेज डाउन होने की समस्या सामने आती रही है। इससे आसपास के घरों में लगे विद्युत उपकरणों को नुकसान होने की बात भी शिकायतकर्ताओं ने कही है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि वर्तमान निर्माण के दौरान विद्युत लाइन, ट्रांसफार्मर या अन्य विद्युत अधोसंरचना को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसका खामियाजा पूरे क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ सकता है।
प्रशासन करे संयुक्त जांच, तभी साफ होगी हकीकत मामले में अब नगर निगम और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने की मांग उठ रही है। निर्माण की अनुमति, स्वीकृत नक्शा, भवन नियमों का पालन, हाईटेंशन लाइन से सुरक्षा दूरी तथा विद्युत विभाग से आवश्यक अनुमति जैसे बिंदुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि जांच पूरी होने तक यदि निर्माण कार्य में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार तत्काल रोक लगाई जाए और जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
अब सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा या प्रशासन समय रहते निर्माण स्थल का निरीक्षण कर संभावित खतरे को रोकेगा…?

