मुख्य अतिथि चेंबर ऑफ कॉमर्स प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी बोले..
कमल सोनी जैसा जुझारू साथी हो तो व्यापारी हित सदैव सुरक्षित…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सेवा को संकल्प और व्यापारिक एकजुटता को शक्ति मानते हुए बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी और छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी की जुगलबंदी ने व्यापार जगत के साथ-साथ बिलासपुर के विकास को लेकर नई दिशा में सार्थक संवाद का संदेश दिया। सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान के 16वें दिवस आयोजित कार्यक्रम में दोनों व्यापारिक नेताओं ने संगठन की मजबूती, व्यापारी हितों की सुरक्षा और बिलासपुर की भविष्य की जरूरतों पर खुलकर विचार साझा किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती की आरती और सामूहिक वंदे मातरम् गान से हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बिलासपुर चेंबर इकाई के अध्यक्ष भागचंद नवाज, दाऊदी बोहरा समाज बिलासपुर के प्रमुख शब्बीर भाई (नजमी) तथा देवकीनंदन व्यापारी संघ के अध्यक्ष दयानंद तीर्थानी मौजूद रहे।

कमल सोनी ने जोड़ी को बताया व्यापारिक ताकत-:
कार्यक्रम में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में व्यापारिक समुदाय की भूमिका पर विचार रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशसेवा के संकल्प का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि व्यापारिक संगठनों की भूमिका केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि शहर और समाज के विकास से जुड़े विषयों को भी मजबूती से उठाना चाहिए। उन्होंने सतीश थोरानी के नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि व्यापार जगत की उन्नति के लिए सभी संगठनों को साथ लेकर चलना जरूरी है।

कमल सोनी ने कहा कि सराफा समाज सतीश थोरानी के नेतृत्व में व्यापारिक हितों और विकास के विषयों को लेकर लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव और परिपक्व मार्गदर्शन से व्यापारिक संगठनों को मजबूती मिलती है।
थोरानी बोले..

कमल सोनी जैसा जुझारू साथी हो तो व्यापारी हित सुरक्षित-:
मुख्य अतिथि सतीश थोरानी ने व्यापारिक एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि जब व्यापारी अपनी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को एक स्वर में शासन-प्रशासन के सामने रखते हैं, तो उनकी बात अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचती है।

उन्होंने कमल सोनी की सक्रियता और जुझारू कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि व्यापारिक हितों के लिए लगातार सक्रिय रहने वाले साथियों से संगठन को मजबूती मिलती है। उन्होंने व्यापारियों से संगठन की एकता बनाए रखने और सामूहिक हितों से जुड़े विषयों को मिलकर उठाने का आह्वान किया।

बिलासपुर के विकास का रोडमैप हवाई सेवा से थोक बाजार तक-:
कार्यक्रम में बिलासपुर के समग्र विकास और भविष्य की व्यापारिक आवश्यकताओं पर विशेष चर्चा हुई। एयर कनेक्टिविटी, रेलवे कनेक्टिविटी, परिवहन व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स और व्यापारिक अधोसंरचना जैसे विषय प्रमुखता से उठे।

बिलासपुर एयरपोर्ट की वर्तमान स्थिति और भविष्य में बेहतर एवं नियमित हवाई सेवाओं की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने माना कि मजबूत एयर कनेक्टिविटी से बिलासपुर के व्यापार, उद्योग और निवेश को नई गति मिल सकती है।

सतीश थोरानी ने शहर की मौजूदा व्यापारिक व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कहा कि थोक व्यापारिक क्षेत्रों को योजनाबद्ध तरीके से शहर के बाहरी हिस्सों में विकसित करने पर विचार किया जाना चाहिए। इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करने, व्यापारिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने और ग्राहकों व व्यापारियों के आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने परिवहन, लॉजिस्टिक्स और रेलवे कनेक्टिविटी को व्यापारिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए इन क्षेत्रों में दीर्घकालिक सोच के साथ काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

एयर कनेक्टिविटी पर सराफा एसोसिएशन की चिंता-:
बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के महासचिव श्रीकांत पांडे ने आभार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर की एयर कनेक्टिविटी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए नियमित और पर्याप्त हवाई सेवाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इस दिशा में गंभीरता से ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।

व्यापारिक संगठनों के बीच दिखा समन्वय
कार्यक्रम में पंकज पारेख, राजेश शाह, जितेंद्र सोनी, अजय सराफ, रौनक साव, यशवंत वर्मा, सूरज सोनी, शशांक स्वर्णकार और रवि सलूजा सहित बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंच संचालन सुश्री अलंकृता मिया ने किया।

कार्यक्रम में व्यापारिक संगठनों सामाजिक संस्थाओं और सराफा समाज के बीच बेहतर समन्वय के साथ बिलासपुर के विकास को लेकर सकारात्मक और सार्थक संवाद देखने को मिला।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे आयोजित हो रहे सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान के आगामी कार्यक्रमों में नागरिकों और व्यापारियों को आमंत्रित किया गया है।

