प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के विकास पर मंथन कनेक्टिविटी, बाजार व्यवस्था नागरिक सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के “सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान” के 19वें दिवस पर शहर के विकास और जनसमस्याओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सार्थक संवाद हुआ। कार्यक्रम में यातायात व्यवस्था, सदर बाजार की समस्याएं, अतिक्रमण, सार्वजनिक सुविधाएं, शहर की कनेक्टिविटी, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती की आरती एवं सामूहिक वंदेमातरम् गान के साथ हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं त्रिनेत्र सेवा समिति के सक्रिय सदस्य मनीष अग्रवाल, सर्व सोनी समाज के अध्यक्ष जवाहर सराफ एवं बोहरा समाज के वरिष्ठ सदस्य मुस्ताक भाई सहित रेडक्रॉस के जिला अधिकारी सौरभ सक्सेना, लाजपत राय नगर दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष सुशील अग्रवाल तथा विकासशील दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष अनिल तिवारी मौजूद रहे।
सदर बाजार की समस्या पर कमल सोनी ने खींचा ध्यान-:

कार्यक्रम अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने अपने संबोधन में सेवा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी के विषय पर विचार रखते हुए कहा कि सेवा किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने बिलासपुर के विकास से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए खापरगंज, गोल बाजार और सदर बाजार की समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
उन्होंने कहा कि सदर बाजार में रोजाना यातायात का दबाव बना रहता है। सड़क तक फैलने वाली दुकानों और अतिक्रमण के कारण आम लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने बाजार क्षेत्र में व्यवस्थित यातायात, नो-पार्किंग व्यवस्था और सार्वजनिक शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता भी सामने रखी।
कमल सोनी ने त्रिनेत्र सेवा समिति के सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बिलासपुर सराफा एसोसिएशन इस पहल में पूरी प्रतिबद्धता के साथ सहयोग करेगा। शहर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने में व्यापारिक समुदाय अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार है।

एसपी ने मंच से ही दिया समाधान का भरोसा
कमल सोनी द्वारा उठाए गए यातायात और बाजार व्यवस्था के मुद्दों पर पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह ने तत्काल पहल की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस, नगर निगम और सदर बाजार व्यापारी समिति के प्रतिनिधियों को शामिल कर एक समन्वित टीम बनाई जाएगी। यह टीम सदर बाजार में यातायात व्यवस्था, सड़क तक फैली दुकानों, अतिक्रमण और अन्य संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करेगी।

एसपी ने नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए व्हाट्सऐप आधारित सूचना एवं कार्रवाई व्यवस्था विकसित करने की बात भी कही। उन्होंने नागरिकों से नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और शहर की शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित बिलासपुर के निर्माण में प्रशासन और पुलिस के साथ नागरिकों की भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है।

कलेक्टर ने सकारात्मक सोच के साथ विकास में भागीदारी का दिया संदेश
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में सकारात्मक सोच के साथ समाज और दुनिया को देखने का संदेश दिया। उन्होंने भारत में सड़क, परिवहन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए विकास की प्रक्रिया में नागरिकों और सामाजिक संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
सेवा के साथ सामाजिक सुरक्षा का भी संकल्प
कार्यक्रम के अंत में त्रिनेत्र सेवा समिति के लिए बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा किए गए योगदान के लिए योगदानकर्ताओं को सम्मानस्वरूप प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा, शहर की बेहतर व्यवस्था और नागरिक हितों में व्यापारिक समुदाय की सक्रिय सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में पंकज पारेख, राजेश शाहजी, प्रमोद वर्मा, जितेंद्र सोनी, अजय सराफ (कार्यकारी अध्यक्ष), श्रीकांत पांडे (महासचिव), रौनक साव (कोषाध्यक्ष), यशवंत वर्मा, सूरज सोनी, शशांक स्वर्णकार, सज्जन सोनी, राजेश सोनी एवं प्रकाश सोनी सहित सराफा समाज के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री अलंकृता मिश्रा ने किया। अंत में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के महासचिव श्रीकांत पांडे ने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, नगर निगम, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों तथा उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

