मरीजों को किसी एक मेडिकल स्टोर से दवा लेने के लिए बाध्य न करने के निर्देश..!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह एवं औषधि निरीक्षक सुनील पंडा द्वारा 05 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर जिले के पांच अस्पतालों में संचालित मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई।

जांच के दौरान मैक्सप्राइम हॉस्पिटल, गजानन अस्पताल, श्री मंगला अस्पताल, मेडिबोन अस्पताल एवं अर्पण शुगर क्लीनिक के मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया।

सभी मेडिकल स्टोर्स में नियमानुसार बोर्ड प्रदर्शित पाया गया, जिसमें स्पष्ट रूप से उल्लेख था कि मरीजों को अस्पताल के मेडिकल स्टोर से ही दवा खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता।

जांच के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि मरीजों को अपनी दवाएं किसी भी मेडिकल स्टोर से खरीदने की स्वतंत्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध हो।

अधिकारियों ने बताया कि मरीजों को किसी विशेष मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने के लिए बाध्य न किए जाने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह जांच कार्रवाई की गई।

