निर्माणाधीन पीएम आवास और ई-बस टर्मिनल का बोरा ने किया निरीक्षण…गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने मंगलवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम ई-बस सेवा के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। सकरी में पीएम आवास योजना के तहत निर्मित आवासों में फिनिशिंग कार्य अधूरा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सभी कमियां दूर कर शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं कोनी स्थित सिटी बस डिपो में निर्माणाधीन ई-बस टर्मिनल, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन की प्रगति का जायजा लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।

सकरी में अधूरी फिनिशिंग देख जताई नाराजगी
प्रमुख सचिव बोरा ने सकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत बनाए जा रहे आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई फ्लोर पर टाइल्स नहीं लगने और फिनिशिंग का काम अधूरा पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने नगर निगम के इंजीनियरों और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को कमियां तत्काल दूर करने तथा शेष कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने किचन एवं प्लेटफॉर्म के आकार, अब तक हुए निर्माण और उपयोग की गई भवन सामग्री की जानकारी भी ली। आवासीय परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, सामुदायिक भवन, बुजुर्गों एवं रहवासियों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था तथा बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए।

प्रमुख सचिव ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए 15 दिनों बाद दोबारा प्रगति की समीक्षा करने की बात कही।
सकरी में करीब 11 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से 261 आवास तैयार किए गए हैं। फिलहाल इनमें अंतिम चरण के फिनिशिंग कार्य शेष हैं।

12 रूट पर दौड़ेंगी 50 वातानुकूलित ई-बसें
इसके बाद प्रमुख सचिव बोरा ने कोनी स्थित सिटी बस डिपो पहुंचकर पीएम ई-बस सेवा के तहत निर्माणाधीन टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने बस स्टॉप को यात्रियों के लिए व्यवस्थित करने तथा डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बसों के समय और आवागमन की जानकारी आसानी से मिल सके।

पीएम ई-बस सेवा के तहत बिलासपुर के लिए 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत हैं। इनमें 9 मीटर लंबी 35 बसें और 7 मीटर लंबी 15 बसें शामिल हैं। इन बसों के संचालन के लिए कोनी सिटी बस डिपो में टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन एवं चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए 11 करोड़ 45 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसमें सिविल अधोसंरचना के लिए 8.37 करोड़ रुपये, सब-स्टेशन के लिए 1.59 करोड़ रुपये तथा उच्चदाब विद्युत कनेक्शन के लिए 1.49 करोड़ रुपये का प्रावधान है। वर्तमान में सिविल अधोसंरचना का करीब 70 प्रतिशत और सब-स्टेशन का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उच्चदाब विद्युत कनेक्शन के लिए आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण सीएसपीडीसीएल द्वारा किया जाएगा।
स्कूल-कॉलेज से हाईकोर्ट तक जुड़ेगा ई-बस नेटवर्क:-
ई-बसों का संचालन शहर के 12 प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा। रूट निर्धारण में स्कूल-कॉलेज, औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों के साथ उच्च न्यायालय तक आवागमन को ध्यान में रखा गया है।

इससे शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल कॉम्प्लेक्स में कैफेटेरिया और रैन बसेरा विकसित करने की भी योजना है।
निरीक्षण के दौरान सूडा के सीईओ सुमित अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

