खारून नदी में राखड़ पाटने से लेकर खराब ट्रांसफार्मर और आवास की अंतिम किस्त तक पहुंचे मामले…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में मंगलवार को शहर से लेकर गांव तक की जनसमस्याएं कलेक्टर संजय अग्रवाल के सामने पहुंचीं। लोगों ने निजी समस्याओं के साथ सामुदायिक और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आवेदन सौंपे। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में बेलतरा तहसील के ग्राम परसदा के ग्रामीणों ने खारून नदी को कुछ लोगों द्वारा राखड़ से पाटे जाने की शिकायत की। ग्रामीणों ने इसे पर्यावरण के लिए गंभीर नुकसान बताते हुए कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम बिलासपुर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी तरह बेलगहना तहसील के ग्राम कोनचरा की धनबाई गंधर्व ने तहसीलदार द्वारा ऋण पुस्तिका उपलब्ध कराने में कथित टालमटोल की शिकायत की। उन्होंने बताया कि ऋण पुस्तिका के लिए कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। कलेक्टर ने एसडीओ राजस्व कोटा को ऋण पुस्तिका उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सिरगिट्टी निवासी सुरेश साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित मकान की अंतिम किस्त का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि वार्ड कार्यालय और नगर निगम में शिकायत के बावजूद भुगतान नहीं किया गया और इसकी लिखित वजह भी नहीं बताई गई। उन्होंने लंबित अंतिम किस्त दिलाने की मांग की।
मल्हार नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 10 निवासी रामचरण कैवर्त ने आगजनी से हुए नुकसान के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। उन्होंने बताया कि 19 फरवरी 2026 की रात करीब 11.30 बजे शॉर्ट सर्किट से उनके घर और दुकान में भीषण आग लग गई थी। हादसे में करीब 4 से 5 लाख रुपये के नुकसान का दावा करते हुए उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की।

वहीं ग्राम बोडसरा के किसानों ने गांव के अस्पताल के पास लगे ट्रांसफार्मर के करीब एक महीने से खराब होने का मामला उठाया। किसानों के अनुसार जेई बरतोरी और एई बिल्हा को कई बार सूचना देने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कृषि पंप बंद हैं, जिससे पेयजल व्यवस्था के साथ धान की फसल भी प्रभावित हो रही है। किसानों ने जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की।

जनदर्शन में एडीएम शिवकुमार बनर्जी और अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभाग प्रमुखों को भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने और प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

