प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष ने एसईसीएल से 10 करोड़ की मांग पर दी सांसद के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया
28-मई,2021
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने कोरोना की तीसरी लहर के लिए एसईसीएल से 10 करोड़ की मांग करने पर सांसद के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पहली लहर और पहले लाकडाउन में दिल्ली से बयान जारी करने वाले सांसद अरुण साव नाखून कटा शहीद बनने का कान न करे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष ने कहा कि सांसद ने राज्य सरकार को और अपने संसदीय क्षेत्र में किसी प्रकार की कोई मदद केंद्र सरकार से दिलाने कोई पहल नही की। दूसरी लहर से जब राज्य और जिला प्रभावित हुआ, तब भी सांसद की भूमिका मदद करने में नगण्य रही। कोरोना की दवाइयां ऑक्सीजन और तमाम सुविधाएं राज्य सरकार ने अपने बलबूते पर जुटाती रही। सामाजिक संस्थाओं का योगदान प्राप्त होता रहा, लेकिन न तो संसद ने कोई पहल की और न ही बिलासपुर में स्थित केंद्रीय संस्थान एसईसीएल एनटीपीसी और रेल जोन ने कोई मदद नहीं की। सांसद ने मदद के लिए न तो केंद्रीय नेताओं से चर्चा की और न ही इन संस्थाओं पर दबाव बनाकर कोई मदद अपने संसदीय क्षेत्र के लिए की।
अब जब तीसरी लहार की चेतावनी आ रही है, तब वे एसईसीएल के अधिकारी से मिलकर मदद मांगने का बयान देकर कोरोना काल में अपनी भूमिका तय करना चाहते हैं। अटल श्रीवास्तव ने सांसद अरुण साव से पूछा कि 7 साल की मोदी सरकार में एसईसीएल बिलासपुर और एनटीपीसी बिलासपुर का अस्पताल भी नहीं खुलवा सके, हजारों करोड़ की कमाई करने वाला यह संस्थान बिलासपुर से पैसा कमा कर सीएसआर मद में दूसरे राज्यो में खर्च कर रहे हैं, सांसद अरुण साव सहित सभी भाजपा के सांसद इस पर मौन है। बिलासपुर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन जो प्रतिवर्ष लदान से 23 हजार करोड़ कि आय कमाता है उसका अपने कर्मचारियों के लिए एक मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल तक नहीं है बिलासपुर मंडल के समय जो रेलवे अस्पताल था अपग्रेड कर जोन का हॉस्पिटल बना दिया गया है कोविड-19 में रेलवे जोन बिलासपुर में भी किसी प्रकार की कोई मदद संसदीय क्षेत्र बिलासपुर को नहीं की। अटल श्रीवास्तव ने कहा कि सांसद अरुण साव अगर बिलासपुर की जनता की मदद करना चाहते हैं तो सबसे पहले प्रधानमंत्री, केंद्रीय कोयला मंत्री, केंद्रीय रेल मंत्री और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से बात कर तीनों संस्थानों का अपना 100-100 बेड का हॉस्पिटल बनाने की घोषणा करवाएं, 10 करोड़ की सहायता मांग नाखून कटाकर कोरोना काल में शहीद बनने का काम न करें।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि बिलासपुर संसदीय क्षेत्र में केंद्र सरकार से दबाव डालकर टीकाकरण का काम भी अगर सांसद कर देते तो मतदाताओं पर उनका उपकार होता, केंद्र की सरकार 18 प्लस के टीकाकरण कार्यक्रम में युवाओं को अकेले छोड़ दिया है, राज्य की भूपेश सरकार अपने खर्चे से टीका लगाने का कार्य कर रही है तो केंद्र सरकार तरह-तरह के भ्रमित आंकड़े जारी कर टीकाकरण कार्य को अवरुद्ध करने का काम कर रही है, सांसद बयान देने के बजाय बिलासपुर संसदीय क्षेत्र की जनता को कोरोना काल में केंद्र सरकार की मदद करवाएं। एसईसीएल एनटीपीसी और रेलवे जोन के सीएसआर मद का पैसा पूरा का पूरा संसदीय क्षेत्र बिलासपुर में लगे ना कि केंद्रीय मंत्रियों के संसदीय क्षेत्र में।


