अभिलाष इंटरप्राइजेज में कंप्यूटर आपरेटर का काम करती थी मृतका
25-जून,2021
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
कोतवाली थाना क्षेत्र के अभिलाष इंटरप्राइजेज में कंप्यूटर आपरेटर का काम करने वाली युवती का अपने पुराने मालिक से विवाद हो गया। इसके बाद वह शाम सात बजे मालिक के ग्रीन पार्क कालोनी स्थित गोल्डन ओक अपार्टमेंट पहुंची और पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। सिविल लाइन पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुकान संचालक और मृतक के स्वजन से पूछताछ की जा रही है।
सिविल लाइन सीएसपी स्नेहिल साहू ने बताया कि जूना बिलासपुर लाइफ केयर अस्पताल के पास रहने वाली खुशबू विश्वकर्मा(25) कोतवाली क्षेत्र के हटरी चौक स्थित अभिलाष इंटरप्राइसेस में काम करती थी। छह महीने पहले उसने काम छोड़ दिया था। गुरुवार की शाम सात बजे उसने ग्रीन पार्क कालोनी स्थित गोल्डन ओक अपार्टमेंट पहुंची, जहां दुकान मालिक राजेश गुप्ता का फ्लैट है। इसके बाद युवती ने पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने दुकान संचालक राजेश से पूछताछ की है। प्राथमिक पूछताछ में दुकान संचालक ने घटना के संबंध में जानकारी होने से इन्कार किया है। वहीं, उनके परिवार वालों ने युवती के अपार्टमेंट में आने की जानकारी नहीं होना बताया है। पुलिस ने मृतक के स्वजन को इसकी सूचना देकर बुलाया है। घटना की जानकारी होने पर परिवार वालों को बुरा हाल है। इसके कारण पुलिस ने फिलहाल उनसे पूछताछ नहीं की है।
स्वजन से पूछताछ के बाद घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अपार्टमेंट के फुटेज लिए हैं। वहीं, पुलिस ने हटरी चौक स्थित दुकान और उसके आसपास के सीसीटीवी का फुटेज लिया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। वहीं, दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली गई है। फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं है।



