10 आरोपी गिरफ्तार…59.50 लाख नकद सहित सोने के आभूषण व दो कारें जब्त-●
रायपुर-{जनहित न्यूज़}राजधानी रायपुर में हुए सनसनीखेज डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मास्टरमाइंड BSF का एक सूबेदार निकला। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 59.50 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और दो कारें (रिज्ड और अल्टो) बरामद की हैं।
11 फरवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे अनुपम नगर के डी-14 मकान में रहने वाले मनोहरण वेलू और उनकी बहनों के घर में डकैत घुसे। दो आरोपी फौजी वर्दी में थे और उन्होंने घरवालों को बहाने से दरवाजा खोलने पर मजबूर किया। जैसे ही दरवाजा खुला, तीन और लोग अंदर आ गए। इन लोगों ने मनोहरण और उनकी बहनों को बंधक बनाकर उनके हाथ-पैर टेप से बांध दिए और पिस्टल दिखाकर धमकाया। रंजनी वेलू को जबरदस्ती इंजेक्शन लगाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी घर में रखे 65.25 लाख रुपये नकद, तीन सोने की चेन और तीन मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत छानबीन शुरू की। रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर 10 विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें एक महिला पीले सलवार सूट में और चार अन्य आरोपी दिखाई दिए। आरोपियों की सफेद रंग की बिना नंबर वाली रिज्ड कार भी कैमरों में कैद हो गई।
पुलिस ने शहरभर में नाकेबंदी कर दी और तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्ध वाहन का पीछा किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राजनांदगांव, दुर्ग, बिलासपुर, नागपुर, बलौदा बाजार और रायपुर में दबिश दी गई। आखिरकार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि लूट के पैसे को सूनसान इलाकों में बांटा गया था।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस डकैती का मास्टरमाइंड सीमा सुरक्षा बल (BSF) का एक सूबेदार था। उसने ही पूरी योजना बनाई और अपने साथियों के साथ मिलकर इसे अंजाम दिया। आरोपी पुलिस को गुमराह करने के लिए फौजी वर्दी पहनकर आए थे, ताकि किसी को शक न हो।

बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के पास से 59.50 लाख रुपये नकद, सोने के गहने, तीन मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई रिज्ड व अल्टो कार जब्त की है। फिलहाल पुलिस इस मामले में और गहराई से जांच कर रही है और बाकी बचे पैसों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
रायपुर पुलिस की इस बड़ी कामयाबी से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

