घटना के बाद मची अफरा-तफरी 10 साल की छात्रा झुलसी अस्पताल में भर्ती स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…?
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर में स्थित सेंट विसेंट पलोटी स्कूल में एक खौफनाक हादसा हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आज सुबह करीब 10:15 बजे स्कूल के छात्राओं के बाथरूम में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें चौथी कक्षा की एक 10 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई।
कैसे हुआ हादसा…?
बताया जा रहा है कि स्कूल में परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान 10 वर्षीय छात्रा स्तुति बाथरूम गई और वहां जैसे ही फ्लश दबाया, जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। जब शिक्षकों ने बाथरूम का दरवाजा खोला तो बच्ची फर्श पर घायल पड़ी मिली। उसके पैर, पीठ और बाल जल चुके थे। मौके पर मिला संदिग्ध पदार्थ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद बाथरूम में एक जली हुई सिल्वर पैकिंग का टुकड़ा मिला। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी ने विस्फोटक पदार्थ वहां रखा था। शुरुआती जांच में यह भी संदेह है कि लैब में इस्तेमाल होने वाला सोडियम या अन्य रसायन वहां मौजूद थे, जिसके चलते धमाका हुआ।
घायल छात्रा को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद स्कूल प्रशासन और स्टाफ में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने घटना की सूचना सिविल लाइन थाने को दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिरकार, स्कूल के बाथरूम में विस्फोटक कैसे पहुंचा? क्या यह किसी की शरारत थी या किसी गहरी साजिश का हिस्सा?
पुलिस कर रही जांच। फिलहाल, पुलिस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है। स्कूल के स्टाफ और छात्रों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि कहीं यह लैब में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के गलत इस्तेमाल का नतीजा तो नहीं।
इस घटना के बाद से अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। स्कूलों में सुरक्षा को लेकर अब सख्त कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे दोबारा न हों।

