पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंचायत मंत्री में तीखी तकरार…!
रायपुर-{जनहित न्यूज़} छत्तीसगढ़ विधानसभा में शुक्रवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) को लेकर सियासी घमासान मच गया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंचायत मंत्री विजय शर्मा के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विपक्ष को जवाब संतोषजनक न मिलने पर कांग्रेस विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया। भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम आवास योजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हो रही है। उन्होंने पूछा कि सरकारी रिपोर्ट में 18 लाख आवास निर्माण का दावा किया जा रहा है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया कि इनमें पिछली सरकार के बनाए मकान शामिल हैं या नहीं। बघेल ने सरकार को घेरते हुए कहा कि जब रिपोर्ट के अनुसार 11 लाख मकान पहले ही बन चुके हैं, तो क्या अब 18 लाख और बनाए जाएंगे या सिर्फ 7 लाख?
पंचायत मंत्री का जवाब और तकरार
पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि 2016 से 2025 के बीच के सभी आंकड़े वित्तीय वर्ष के अनुसार दिए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में कुल 32 लाख आवास मंजूर किए गए हैं, जिनमें से 16 राज्यों को नए आवासों की जरूरत नहीं पड़ी। लेकिन भूपेश बघेल इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और सरकार पर आंकड़े छुपाने का आरोप लगाते रहे।

सदन में हंगामा, कांग्रेस का वॉकआउट
बघेल और शर्मा के बीच तीखी बहस के दौरान सदन में हंगामे की स्थिति बन गई। विपक्ष लगातार सरकार पर घोटाले का आरोप लगाता रहा, लेकिन जब संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कांग्रेस विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया। पीएम आवास योजना पर इस सियासी टकराव ने सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमाने की संभावना है।

