पुलिसकर्मियों में उत्कृष्ट कार्य पर सम्मानित करने किया चिन्हित वही कुछ को त्रुटियों पर दी समझाइश…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}बिलासपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में अनुशासनात्मक जनरल परेड का आयोजन किया गया। इस परेड में जिले भर से पुलिस अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। एसएसपी ने परेड की सलामी ली और जवानों की टर्नआउट, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का सूक्ष्म निरीक्षण किया।

परेड में उत्कृष्ट टर्नआउट और वर्दी सज्जा के लिए आरक्षक क्रमांक 948 रामचंद्र साहू (थाना अजाक) को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया और अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्त्रोत के रूप में प्रस्तुत किया गया। जिन जवानों की वर्दी या प्रस्तुति मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, उन्हें सुधार हेतु दिशा-निर्देश दिए गए और अतिरिक्त ड्रिल अभ्यास कराया गया।

प्रशिक्षण और अभ्यास पर विशेष जोर
परेड के दौरान जवानों को उनके हथियार जैसे SLR, INSAS, AK-47, पिस्टल आदि के संचालन, खोलने-जोड़ने और सुरक्षित हैंडलिंग का अभ्यास कराया गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया, जबकि कमजोर प्रदर्शन करने वालों को रिफ्रेशर कोर्स के लिए नामांकित किया गया।
वाहन निरीक्षण और ओआर पेशी
परेड के बाद एसएसपी द्वारा मोटर व्हीकल शाखा की जांच की गई, जिसमें वाहनों की स्थिति, माइलेज रजिस्टर और ड्राइवर डायरी की गहन जांच हुई। ड्राइवरों को नियमित रखरखाव के सख्त निर्देश दिए गए।

ओआर पेशी के दौरान 16 पुलिसकर्मियों को लघु त्रुटियों के लिए बुलाया गया, जिनकी समस्याओं का समाधान कर उन्हें भविष्य में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। इसके साथ ही चार पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया और संबंधित शाखाओं को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

‘कॉप ऑफ द ईयर’ व उत्कृष्ट विवेचक हेतु नामांकन
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर उन्हें सम्मानित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई। थाना तखतपुर के भुवनेश्वर साहू को ‘कॉप ऑफ द ईयर’, नगद पुरस्कार, स्वतंत्रता दिवस सम्मान एवं उत्कृष्ट विवेचक श्रेणियों में नामांकन हेतु प्रस्तावित किया गया।

एसएसपी का प्रेरणादायक संबोधन
परेड के समापन पर एसएसपी रजनेश सिंह ने अधिकारियों व जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर बेसिक पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और फरियादियों को त्वरित न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने, प्रत्येक बीट प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए ताकि आम जनता सीधे संपर्क कर सके।
एसएसपी के इस पारदर्शी, प्रेरणादायी और अनुशासित पहल ने सभी उपस्थित पुलिसकर्मियों को उत्साहित किया और उन्हें भविष्य में बेहतर कार्य प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया।

