“हिट एंड रन” मामले में पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने की त्वरित कार्रवाई…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर सड़क दुर्घटनाओं में घायल एवं मृतकों के परिजनों को न्याय एवं राहत दिलाने की दिशा में बिलासपुर यातायात पुलिस ने एक संवेदनशील और पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में “हिट एंड रन मोटर एक्सीडेंट स्कीम 2022” के अंतर्गत क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया को तेज़ एवं प्रभावी बनाया गया है।
पुलिस विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़क दुर्घटनाओं, विशेषकर अज्ञात वाहनों से हुई दुर्घटनाओं में घायल अथवा मृतक के परिजनों को शीघ्रतम सहायता मिले। ऐसी स्थिति में जब दुर्घटना कारित वाहन की पहचान समय पर नहीं हो पाती, तब भी थाना प्रभारी द्वारा क्लेम इंक्वायरी ऑफिसर को प्रथम सूचना रिपोर्ट भेजी जाती है। इसके पश्चात दावा प्रक्रिया आरंभ होती है, ताकि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि प्राप्त हो सके।

एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी न सिर्फ प्रथम रिपोर्ट भेजते हैं, बल्कि पीड़ित के परिजनों को आवेदन की प्रक्रिया और संबंधित अधिकारियों की जानकारी भी प्रदान करते हैं। यदि समयसीमा के भीतर कोई दावा आवेदन नहीं आता, तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पैरालीगल वॉलंटियर्स द्वारा परिजनों से संपर्क कर उन्हें सहयोग दिया जाता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों पर जहां सख्त कार्रवाई जारी है, वहीं पुलिस विभाग अपने मानवीय उत्तरदायित्व का भी गंभीरतापूर्वक निर्वहन कर रहा है। विभाग की यह पहल संवेदनशील पुलिसिंग का सशक्त उदाहरण है, जिसमें पीड़ितों को न्याय एवं राहत प्रदान करना प्राथमिकता है।
साथ ही, यातायात पुलिस द्वारा यातायात चौपाल, सड़क सुरक्षा पाठशाला एवं विधिक जागरूकता शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को “हिट एंड रन मोटर एक्सीडेंट स्कीम 2022” के तहत मुआवजा दावे की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इससे आमजन जागरूक होकर दुर्घटना की स्थिति में अधिकारों और उपलब्ध सहायता का लाभ उठा सकें।

पुलिस विभाग की अपील: आम नागरिकों से अपील की जाती है कि यातायात नियमों का पालन करें तथा दुर्घटनाओं की स्थिति में घायल व्यक्तियों को सहायता प्रदान कर एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।

