अमेरी चौक गौरव पथ रोड पर गैरेजों के पास कबाड़ बन चुकी गाड़ियों को यातायात पुलिस ने किया निगम के हवाले…!
बिलासपुर- {जनहित न्यूज़}बिलासपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर ने एक बड़ी कार्यवाही की है। अमेरी चौक गौरव पथ रोड पर स्थित कुछ गैरेजों के सामने बेतरतीब ढंग से खड़ी बंद और पुरानी गाड़ियों को यातायात में बाधा उत्पन्न करने के कारण नगर निगम की मदद से क्रेन द्वारा उठाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और यातायात एएसपी रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यह सख्त कार्यवाही की गई। ए टू जेड मल्टी ब्रांड व रॉयल मोटर कार सर्विस एंड गैरेज जैसे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए उनकी गाड़ियों को जब्त किया गया, जो मुख्य सड़क मार्ग पर अव्यवस्थित रूप से खड़ी थीं।

इन गैरेज संचालकों को पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन चेतावनी के बावजूद बार-बार नियमों का उल्लंघन किया गया। इससे आम जनता को जाम और दुर्घटनाओं जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।

पुलिस द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि आगे से सभी गैरेज संचालक, वाहन विक्रेता व मरम्मतकर्ता अपने प्रतिष्ठान के बाहर कोई भी गाड़ी खड़ी न करें। साथ ही, ग्राहकों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा।

इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था प्रदान करना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

