चेतना अभियान के तहत कोटा पुलिस ने की त्वरित सख्त कार्रवाई…
बिलासपुर-कोटा/{जनहित न्यूज़}बिलासपुर चेतना अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे विशेष प्रयासों के तहत कोटा पुलिस ने एक गंभीर मामले में सराहनीय कार्यवाही करते हुए नाबालिग बालिका के अपहरण एवं शारीरिक शोषण के आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
घटना का विवरण
31 मार्च 2025 को कोटा थाने में एक व्यक्ति द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी नाबालिग बहन को 29 मार्च को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल जांच प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य के आधार पर अपहृत बालिका की लोकेशन दिल्ली में चिन्हित की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती अर्चना झा (रा.पु.से.) और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रीमती नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में एक टीम को तत्काल दिल्ली रवाना किया गया।

दिल्ली से बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी:
दिल्ली पहुंच कर टीम ने सतर्कता और सूझबूझ के साथ अपहृत बालिका को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद किया। आरोपी भी नाबालिग पाया गया, जिसे विधि से संघर्षरत बालक की श्रेणी में रखते हुए बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। इस संबंध में धारा 137(2), 64 बी.एन.एस., 4 और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
टीम की सराहनीय भूमिका:
इस संपूर्ण ऑपरेशन में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक पंकज राय, आरक्षक महादेव कुजूर एवं आरक्षक नंद कुमार यादव ने विशेष भूमिका निभाई।
पुलिस की चेतावनी:
कोटा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की मानसिक विकृति और घिनौने कृत्य करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह नाबालिग ही क्यों न हो। कानून सभी के लिए एक समान है और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समाज से अपील:
पुलिस ने अभिभावकों और समाज से अपील की है कि वे बच्चों पर विशेष ध्यान दें, उन्हें सुरक्षित माहौल दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

