बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर थाना रेंज साइबर बिलासपुर टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। साइबर ठगी के मामले में शामिल अंतर्जिला गिरोह के दो सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पूर्व भी तीन आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। यह कार्यवाही पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में की गई।
प्रकरण थाना सकरी, जिला बिलासपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 936/2024, धारा 318(4) बीएनएस से संबंधित है, जिसमें प्रार्थी जॉनसन एक्का से बैंक अधिकारी बनकर केवाईसी अपडेट करने के नाम पर ओटीपी लेकर ₹26,74,701/- की ऑनलाइन ठगी की गई थी। जालसाजों का खुलासा… कमीशन के लालच में दिया खाता।

गिरफ्तार आरोपी:
1. हेमंत चंद्रा (उम्र 19 वर्ष), निवासी कुसुमझर, थाना डभरा, जिला सक्ती
2. रोहित रायल (उम्र 28 वर्ष), निवासी फगुरम, थाना डभरा, जिला सक्ती
आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राउरकेला निवासी शातिर शाहआलम खान व आसनसोल-जामताड़ा के साइबर गिरोह से जुड़े थे। इनसे कमीशन के लालच में अपने व अपनी पत्नी के नाम से बैंक खाता खुलवाकर एटीएम, पासबुक व मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया। इन खातों का उपयोग ठगी की रकम के ट्रांजेक्शन में किया गया।
तकनीकी विवेचना और ट्रैकिंग से गिरफ्तारी
साइबर टीम ने बैंक स्टेटमेंट, साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से एटीआर, मोबाइल नंबर और खातों की तकनीकी जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की। इसके बाद टीम ने सक्ती जिले में दबिश देकर स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों को पकड़ा।
गिरफ्तारी व जेल भेजने की प्रक्रिया
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके परिजनों को सूचना दी गई तथा 28 मई 2025 को उन्हें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
कार्यवाही में विशेष योगदान
इस सफलता में अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल, अति. पुलिस अधीक्षक (ACCU) अनुज गुप्ता, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह (रा.पु.से.), प्रभारी रेंज साइबर थाना निरीक्षक राजेश मिश्रा, निरीक्षक रविशंकर तिवारी, एएसआई सुरेश पाठक, प्र.आर. विक्कू सिंह ठाकुर और आरक्षक चिरंजीव कुमार का विशेष योगदान रहा।
बिलासपुर पुलिस की जनहित अपील
अपना बैंक खाता व मोबाइल सिम किसी अनजान व्यक्ति को न दें केवाईसी, निवेश, डबल रिटर्न, या पार्सल के नाम पर आने वाली कॉल्स से सावधान रहें।
+92 नंबर या सोशल मीडिया के माध्यम से किए जाने वाले फ्रॉड से सतर्क रहें।
ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या http://cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज करें।
बिलासपुर साइबर पुलिस की यह कार्यवाही साइबर अपराध के विरुद्ध जारी “प्रहार” अभियान का हिस्सा है, जो आम जनता को जागरूक करने और अपराधियों पर सख्त कार्यवाही करने हेतु लगातार सक्रिय है।

