महज 72 घंटे में दो नाबालिग बच्चों को सकुशल किया बरामद परिजनों के खिले चेहरे…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत मुंगेली पुलिस ने महज 72 घंटे में गुम हुए दो नाबालिग बच्चों को रायपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार 13 सितंबर को नगर विनोबानगर निवासी परिजनों ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके दो नाबालिग लड़के घर से बिना बताए कहीं चले गए हैं और लौटकर नहीं आए। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन कोई पता नहीं चला।
रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली ने अपराध क्र. 409, 410/25 धारा 137(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सायबर सेल की तकनीकी मदद से रायपुर और नागपुर में सघन तलाश की और दोनों बच्चों को सुरक्षित ढूंढ निकाला। पूछताछ में दोनों ने नागपुर घूमने जाने की बात बताई और किसी भी अप्रिय घटना से इनकार किया।
बच्चों की सकुशल वापसी से परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने मुंगेली पुलिस का आभार जताया।

इसी क्रम में जिले में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत पुलिस ने 16 सितंबर को दो महिलाओं और एक पुरुष को भी सकुशल बरामद किया।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, सउनि भानुप्रताप बर्मन, प्र.आर. तारे कश्यप, बाली ध्रुव, रवि जांगड़े, आर. रामकिशोर कश्यप और अरुण साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि जिले में गुमशुदा और लापता बच्चों एवं व्यक्तियों की तलाश में पुलिस पूरी तत्परता और जिम्मेदारी से कार्य कर रही है।

